स्मैकियों का आतंक: घरो की छतो से पानी की टंकी तक गायब, पुलिस बनी हुई है निष्क्रिय- Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। शिवपुरी में स्मैकियों का आतंक बढ़ता जा रहा है और नशे की जरूरतें पूरी करने के लिए वह चोरियां भी करने लगे हैं। यहां तक कि स्मैकची दिनदहाड़े भी चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। स्मैकियों का आतंक नवाब साहब रोड, हाथी खाना और पोहरी बस स्टेंड क्षेत्र में अधिक देखने को मिल रहा है।

कल हरिजन थाने के पास बन रहे कंट्रोल रूम में ठेकेदार ने पानी की व्यवस्था हेतु टिल्लू पंप रखा था और स्मैकची दिनदहाड़े वह टुल्लू पंप चुरा ले गए। पास में ही स्थित एक घर से भी चोरों ने टिल्लू पंप की चोरी कर ली। हाथीखाना क्षेत्र में स्मैकची छतों से पानी की टंकी चुरा ले गए। पुलिस को भी चोरी की सूचना दे दी गई। लेकिन पुलिस निष्क्रिय बनी हुई है। जिससे नशेलचियों के हौसले बुलंद हैं।

पुलिस निष्क्रियता के कारण शिवपुरी में स्मैक पीने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। इनमें अधिकतर कमजोर वर्ग के युवा शामिल हैं। यहां तक कि मासूम बच्चे भी स्मैक का सेवन करने लगे हैं। स्मैक की उन्हें इतनी बुरी लत लग चुकी है कि नशे की पूर्ति हेतु वह चोरियां भी करने लगे हैं। ठेकेदार रामसेवक गुप्ता ने बताया कि वह हरिजन थाने के पास पुलिस कंट्रोल रूम का निर्माण कर रहे हैं और भवन में पानी की तलाई की व्यवस्था हेतु उन्होंने टिल्लू पंप रखा था।

लेकिन दिनदहाड़े नजरें बचाकर स्मैकची उस टिल्लू पंप को चुरा ले गए। आसपास के मकान बालों ने बताया कि उनके घरों से भी आए दिन चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। वह घरों में जो भी सामान मिलता है, उसे चुरा ले जाते हैं और औने पौने दामों में बेचकर उससे स्मैक खरीदकर उसका सेवन करते हैं। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
G-W2F7VGPV5M