भाजपा के नेता को चुनाव नही लड़ने दे रहे हैं गांव के दंबग, CM और विधायक से मदद की गुहार- Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। पंचायती चुनाव का बिगुल फूंका जा चुका है। राजनीति से जुड़े लोग पंचायत चुनाव में अपनी-अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। शिवपुरी जिले के बदरवास के तरावली गांव के एक युवक ने दबंगो पर उसे चुनाव नहीं लड़ने देने का आरोप लगाया है। युवक ने इसकी शिकायत थाने में की है। इंदार थाना प्रभारी केएन शर्मा का कहना है कि शिकायत आई है। जांच के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।

तरावली निवासी राजकुमार परिहार ने बताया कि वह बदरवास मंडल में महामंत्री है। तरावली सीट इस बार अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। इस कारण वह यहां से चुनाव लड़ने का इच्छुक है, लेकिन गांव के ही कुछ दबंग उसे धमका रहे हैं कि वह चुनाव नहीं लड़े। बदरवास भाजपा मंडल महामंत्री राजकुमार परिहार ने बताया कि उन्होंने इसकी शिकायत इंदार थाने में दर्ज कराई है। भाजपा जिला अध्यक्ष को भी शिकायती पत्र भेजा गया है।

विधायक ने की निंदा चुनाव नहीं लड़ने की मिल रही धमकी के बाद बदरवास मंडल महामंत्री राजकुमार परिहार ने सोशल मीडिया के जरिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और विधायक से मदद की गुहार लगाई है। कोलारस विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने क्षेत्र में चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से कराए जाने की अपील के साथ-साथ तरावली गांव में हुई घटना की निंदा की है। इसके साथ ही दबंगों पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए हैं। विधायक ने लिखा है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार हर वर्ग के साथ खड़ी है, दबंगों के साथ नहीं।
G-W2F7VGPV5M