शिवपुरी। उच्च न्यायालय के आदेश के बाद नगर पंचायत नरवर के 15 वार्डो में सम्पन्न हुए चुनाव में भाजपा और कांग्रेस पार्टी के 4-4 उम्मीदवार विजयी रहे हैं। बहुजन समाज पार्टी 1 वार्ड में चुनाव जीती है। जबकि 6 वार्डो में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे हैं। इस तरह से अध्यक्ष पद के चुनाव में सत्ता की कुंजी निर्दलीय पार्षदों के हाथ में है। उनका झुकाव जिस ओर भी रहेगा अध्यक्ष पद का तोहफा उसे मिलेगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष का पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है। अध्यक्ष पद के दावेदार के रूप में वार्ड क्रमांक 6 से जीतीं भाजपा प्रत्याशी पदमा संदीप माहेश्वरी प्रमुख दावेदार मानी जा रही हैं। जबकि कांग्रेस की ओर से वार्ड क्रमांक 5 में जीती सपना धर्मेंद्र कुशवाह दावेदार मानी जा रही हैं।
वार्ड क्रमांक 1 में कांग्रेस प्रत्याशी मीना देवी ने निर्दलीय प्रत्याशी सरदार लोहा पीटा को पराजित किया। वार्ड क्रमांक 2 में निर्दलीय प्रत्याशी मनीष कुशवाह ने निर्दलीय प्रत्याशी ममता कुशवाह को हराया। वार्ड क्रमांक 3 में कांग्रेस प्रत्याशी सपना धर्मेंद्र कुशवाहा ने भाजपा प्रत्याशी रेखा कुशवाहा को मात दी। सपना धर्मेंद्र कुशवाह भी अध्यक्ष पद की दावेदार बताई जा रही हैं।
वार्ड क्रमांक 4 में कांग्रेस प्रत्याशी बालकिशन कुशवाह ने भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह कुशवाह को हराया। वार्ड क्रमांक 5 में निर्दलीय प्रत्याशी शालिनी पत्नी शुभम जैन ने कांग्रेस प्रत्याशी रुचि माहेश्वरी को पराजित किया। रुचि माहेश्वरी अध्यक्ष पद की दावेदार मानी जा रही थीं। वार्ड क्रमांक 6 में पदमा-संदीप माहेश्वरी (भाजपा) ने निर्दलीय प्रत्याशी राधा जैन का हराया। वार्ड क्रमांक 7 में भाजपा प्रत्याशी राकेश सोनी विजयी हुए। जबकि वार्ड क्रमांक 8 में भाजपा प्रत्याशी मुलायम सिंह कुशवाह ने विजय हासिल की।
वार्ड क्रमांक 9 के कांग्रेस प्रत्याशी इमरती रजक जीतीं। जबकि वार्ड क्रमांक 10 से मनीषा सोलंकी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में विजयी रहीं। वार्ड क्रमांक 11 निर्दलीय प्रत्याशी शबनम कुरैशी, वार्ड क्रमांक 12 से निर्दलीय प्रत्याशी मनोज मित्तल, वार्ड क्रमांक 13 से बीएसपी प्रत्याशी टीपू खान, वार्ड क्रमांक 14 से निर्दलीय प्रत्याशी चंचल कोडे और वार्ड क्रमांक 15 से भाजपा प्रत्याशी ऊषा गुर्जर विजयी हुईं।