शिवपुरी। आबादी बढऩे के साथ ही लोगों की मकानों की जरूरत भी बढ़ रही है। मजबूरी में अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदकर मकान बनाकर रहने वाले परिवारों को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के टीवी टॉवर के नीचे कान्हा कुंज में बिना विकास कार्य कराए कॉलोनाइजर प्लॉट बेचकर गायब हो गया। पानी निकासी के लिए नाली तक नहीं बनवाईं। हालात यह हैं कि घरों से निकलने वाला गंदा पानी आसपास ही आम रास्तों में भरा रहता है। गंदगी के बीच कई परिवार मजबूरीवश रह रहे हैं।
कान्हाकुंज के अलावा आसपास इलाकों व शहर के कई हिस्सों में अवैध कॉलोनियां पिछले कुछ सालों में काटी गईं हैं। राजस्व अधिकारी बदलते रहते हैं, लेकिन अवैध कॉलोनियों में रह रहे परिवारों की समस्या का समाधान कराने के लिए कोई पहल नहीं कर रहा। हालात यह हैं कि गंदे पानी की निकासी नहीं होने से लोग सीएम हेल्प में शिकायतें कर रहे हैं। इसके बाद भी नगर पालिका द्वारा समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
यदि कॉलोनाइजर के खिलाफ कार्रवाई हो तो आने वाले समय में व्यवस्थित कॉलोनियों बसने से लोगों को राहत मिलेगी। गंदगी वजह से राज शर्मा, अनूप पचेरिया, रामकुमार धाकड़ आशुतोष मिश्रा आदि लोग परेशान हैं। रिटायर फॉरेस्ट अधिकारी टेकसिंह का कहना है कि सीएम हेल्प लाइन लगाने पर भी निराकरण नहीं हुआ। नगर पालिका वाले मौके पर आकर कुछ नहीं करते और दफ्तर में बैठकर समाधान कर देते हैं।
झूठी जानकारी भरकर शिकायत बंद करा देते है। कुल मिलाकर हर तरफ मनमानी चल रही है। कॉलोनाइजर बद्री धाकड़ का विकास कार्य कराने के नाम पर तर्क है कि 2009 में उसने प्लाटिंग की थी। लोगों को सस्ते प्लॉट बेचकर लाख-पचास हजार रुपए कमाया है।