मीसाबंदी भाजपा नेता ​हरिहर शर्मा को आपत्तिजनक वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल करने का प्रयास: पुलिस में की शिकायत- Shivpuri News

शिवपुरी। वरिष्ठ भाजपा नेता हरिहर शर्मा को फर्जी अश्लील पोर्न वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का प्रयास किया गया है। इसकी शिकायत भाजपा नेता ने पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल से की है। भाजपा नेता हरिहर शर्मा जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष और लोकतंत्र सेनानी संघ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हैं।

अपनी शिकायत में भाजपा नेता शर्मा ने बताया कि उनके व्हॉट्सएप पर पोर्न दिखाकर उन्हें ब्लैकमेल करने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन मुझे अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा से अधिक इस सामाजिक अपराध को रोकने की चिंता है। ताकि कोई भी अन्य व्यक्ति इस तरह की हरकतों का शिकार न बने। श्री शर्मा ने पूरे घटनाक्रम का एसपी को लिखे पत्र में विवरण दिया है।

इस तरह किया गया ब्लैकमेल करने का प्रयास

फरियादी हरिहर शर्मा ने बताया कि 12 दिसंबर को उनके व्हॉटसएप पर मोबाइल नम्बर 8808640316 से दोपहर 2:13 पर दो मिसकॉल आए। जिन्हें रिसीव न करने पर एक मैसेज प्राप्त हुआ। जिसमें लिखा गया था कि मैं आपकी फेसबुक मित्र हूं और आपसे वीडियो पर बात करना चाहती हूं। कृपया मुझे कॉल करें। श्री शर्मा ने कहा कि इसके बाद उन्होंने 2:14 पर कॉल कर तुरंत ही फोन डिस्कानेक्ट कर दिया।

तत्पश्चात 2:20 पर संबंधित नम्बर से मिसकॉल प्राप्त हुआ। जिसे मैंने रिसीव नहीं किया। जिस पर संबंधित ने आग्रहपूर्वक कॉल करने का संदेश दिया। श्री शर्मा ने पत्र में लिखा कि 2:24 पर उन्होंने मोबाइल नम्बर 8808640316 पर कॉल किया। कॉल रिसीव होने के बाद एक युवती अपना वक्ष निवस्त्र करने का प्रयास देखकर मैंने तुरंत कॉल डिस्कनेक्ट कर दिया और संदेश लिखा कि क्षमा करें मैं एक बुजुर्ग व्यक्ति हूं और आप से इस प्रकार की चर्चा के योग्य नहीं हूं।

इसके बाद आग्रहपूर्वक मुझसे पुन: वीडियो चैट पर आने का आग्रह किया। किंतु मैंने फिर भी 2:25 पर आए वीडियो कॉल को रिसीव नहीं किया। मैंने संदेशों को पढ़कर इस एकाउंट की रिपोर्ट करने का मन बनाया और 2:47 तक तीन वीडियोकॉल रिसीव किए। जिनमें एक युवती ने स्वयं को निर्वस्त्र किया।

मैंने पोर्न की रिपोर्ट करते हुए उस व्हाट्सएप नम्बर 8808640316 को ब्लॉक कर दिया। 13 दिसंबर को उक्त नम्बर से पुन: तीन मिसकॉल आए। जिन्हें रिसीब न करने पर संदेश आए और जिनमें उक्त उल्लेखित पोर्न वीडियो देखते हुए मेरा वीडिया था और पूछा गया था कि क्या चाहते हो। वीडियो डिलीट किए जाएं या नाम सोशल मीडिया पर सार्वजनिक किया जाए।