राजेश्वरी रोड निवासी कमलेश शर्मा ने एक ही प्लॉट को दो लोगों को बेच दिया, FIR- Shivpuri News

शिवपुरी। शहर के सिटी कोतवाली पुलिस ने राजेश्वरी रोड़ निवासी कमलेश शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोपी ने अपने स्वामित्व के प्लॉट को 2016 में फरियादी अजय भास्कर को 6 लाख रूपए में बेच दिया था और जिसकी रजिस्ट्री भी सम्पन्न हो गई थी।

लेकिन इसके बाद विक्रेता कमलेश शर्मा ने उसी प्लॉट को तीन साल बाद वर्ष 2019 में धीरज धाकड़ को बेच दिया था। जिसकी शिकायत पहले क्रेता अजय भास्कर ने जनसुनवाई में की और इसके बाद कोतवाली पुलिस ने इस मामले में आरोपी विक्रेता कमलेश शर्मा के विरूद्ध भादवि की धारा 420 के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया।

शांति नगर निवासी अजय भास्कर पुत्र नाथूराम भास्कर ने जानकारी देते हुए बताया कि नमो नगर में उसने कमलेश शर्मा से 30 वाई 50 का एक प्लॉट वर्ष 2016 में खरीदा था। जिसका भुगतान उसने आरोपी को 6 लाख रूपए किया और उसकी रजिस्ट्री कराई। इसके बाद उसने प्लॉट के चारों तरफ बाउंड्रीवाल कराई और उसके बाद वह निश्चिंत हो गया।

इस दौरान उसने तहसील कार्यालय में भी प्लॉट का नामांतरण कराया और उसके नाम वह प्लॉट तहसील कार्यालय में दर्ज हो गया। बीते 6 माह पूर्व उसे ज्ञात हुआ कि उसके प्लॉट की बाउंड्रीवाल को किसी धीरज धाकड़ और नीरज धाकड़ ने तोड़ दिया है और वहां वह भवन निर्माण कर रहे हैं। इसकी जानकारी लगने पर वह मौके पर पहुंचे। जहां उन्हें धीरज धाकड़ और नीरज धाकड़ ने बताया कि वह प्लॉट उन्होंने कमलेश शर्मा से खरीदा है। जिसकी रजिस्ट्री भी उनके पास है।

जिस पर उन्होंने दोनों से कहा कि वह पूर्व में ही इस प्लॉट को खरीद चुके हैं और तहसील में उनका नामांतरण भी है। इसलिए वह इस प्लॉट पर निर्माण न कर विक्रेता से मिले। लेकिन वह दोनों निर्माण कार्य रोकने पर राजी नहीं हुए। इसे लेकर उन्होंने जनसुनवाई में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। यह आवेदन एसपी कार्यालय से एसडीओपी कार्यालय भेजा गया। जहां 6 माह पश्चात यह आवेदन कोतवाली आया। जहां पुलिस ने आवेदन की जांच करने के बाद सोमवार को प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया।