शिवपुरी। वर्तमान में शिवपुरी में जैन समाज का पंचकल्याण महोत्सव का कार्यक्रम चल रहा हैं। इस कार्यक्रम में हैलिकॉप्टर ने पुष्पवर्षा की गई थी। पटवारी ने परिवार संग हेलिकॉप्टर में बैठकर पुष्पवर्षा की और फोटो तहसील के व्हाट्स अप ग्रुप में शेयर कर दिया। इसी फोटो के आधार पर शिवपुरी एसडीएम गणेश जयसवाल ने पटवारी अनुराग जैन को नोटिस थमा दिया।
नोटिस में उन्होंने हेलिकॉप्टर की सवारी की परमिशन नहीं लेने और खर्ची बताकर भ्रष्टाचार की आशंका जताई है। एसडीएम ने पटवारी जैन को नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब तलब किया है। इस तरह का यह अनोखा नोटिस माना जा रहा है।
एसडीएम जयसवाल ने जारी किए नोटिस में पटवारी अनुराग जैन को लिखा है कि तहसील शिवपुरी के व्हाट्स अप ग्रुप में आपके द्वारा डाले गए फोटो से यह प्रकाश में आया है कि 5 दिसंबर 2021 को नगर शिवपुरी में आयोजित जैन पंचकल्याणक महोत्सव के दौरान हेलिकॉप्टर में बैठकर उसके माध्यम से आपके द्वारा पुष्पवर्षा की गई।
आप शासकीय सेवक हैं, प्रथम दृष्टया ही आपका यह कृत्य गंभीर अनुशासनहीनता का द्योतक है। उक्त संबंध में आप उत्तर प्रस्तुत करें कि आपके द्वारा प्रश्नगत हेलिकॉप्टर में बैठकर यात्रा करने, पुष्पवर्षा करने की विभागीय नियंत्रणकर्ता अधिकारी की प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त की गई अथवा नहीं, यदि अनुमति प्राप्त की तो उसकी प्रति प्रस्तुत करें।
आप पटवारी के पद पर शासकीय सेवक होने के कारण मप्र सिविल सेवा आचरण नियमों का पालन करने के लिए पूर्ण रूप से बाध्य हैं। जिनका आपने उपरोक्त कृत्यों के माध्यम से पूर्णत: उल्लंघन किए जाने के कारण उक्त कृत्य आपके विरुद्ध अनुशास नात्मक कार्रवाई करने की परिधि में आते हैं। अतः आपका उपरोक्त कृत्य गंभीर अनुशास नहीनता होकर अपने पदीय कर्तव्यों के प्रति गंभीर लापरवाही, उदासीनता एवं आर्थिक भ्रष्टाचार प्रकट करता है। इस संबंध में एसडीएम जयसवाल से संपर्क किया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।
एसडीएम ने नोटिस में लिखा है कि हेलिकॉप्टर का प्रयोग
अत्यधिक महंगा व खर्चीला होता है। हेलिकॉप्टर के प्रयोग के लिए आपके पास धनराशि किस प्रकार उपलब्ध हुई। क्योंकि आप तृतीय श्रेणी के पटवारी पद पर कार्यरत हैं। इस कारण पटवारी पद हेलिकॉप्टर के प्रयोग को आर्थिक रूप से सक्षम नहीं बनाता है। आपका यह कृत्य भ्रष्टाचार को प्रकट एवं इंगित करता है।

