बैंकों के निजीकरण के विरोध में बैंककर्मियों की दो दिन की हडताल शुरू, गुरूद्धारा SBI बैंक में एकत्रित हुए- Shivpuri News

शिवपुरी। बैंकों के निजीकरण को लेकर सभी सरकारी बैंक कर्मचारियों ने आज और कल दो दिन हड़ताल पर चले गए हैं। जिससे आज बैंकों में ताले लगे रहे। बैंककर्मियों ने गुरूद्वारा चौराहे पर स्थित एसबीआई शाखा पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। यहां हाथों में बैनर लेकर बैंककर्मी निजीकरण का विरोध करते रहे। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी की। साथ ही रैली निकाली।

बैंक बंद होने से व्यापारियों सहित आमजन को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। आज और कल हड़ताल के कारण बैंक बंद हैं। जिससे बैंकों में होने वाले लेन-देन के कारण व्यापारी परेशान हो गए है। वहीं शनिवार को जब बैंक खुलेंगे तो वहां होने वाली भीड़ के कारण लेन-देन को लेकर मारामारी रहेगी।

फिर रविवार को छुट्टी होने के कारण बैंक में ताला लगा रहेगा और सोमवार को जाकर बैंकों में बेहतर काम हो सकेगा। कुल मिलाकर इन चार दिनों में बैंक उपभोक्ताओं की मुसीबत बढ़ेगी। हड़ताल का आव्हान यूनाईटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आव्हान पर किया गया है। जिनके बैनर तले विरोध प्रदर्शन दो दिन तक चलेगा।

एसबीआई बैंक से जुड़े संजय वर्मा ने बताया कि सरकार बैंकों के निजीकरण को लेकर लगातार प्रयास कर रही है। इसलिए इसका देशभर में विरोध किया जा रहा है। हमारे संगठन ने 16 और 17 दिसंबर को हड़ताल करने का निर्णय लिया है और आज से यह हड़ताल शुरू हो गई है।

इस दौरान बैंकों के ताले बंद रहेंगे। हड़ताल के जरिए हम सरकार को चेताएंगे। यदि सरकार ऐसे प्रयास नहीं रोकती है तो आगे भी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने में भी वह नहीं हिचकिचाएंगे।

इंश्योरेंस एसोसिएशन का समर्थन

बैंककर्मियों की हड़ताल को ऑल इंडिया इंश्योरेंस एम्प्लाइज एसोसिशन (एआईआईईए) ने समर्थन दिया है। भोजन अवकाश के दौरान इंश्योरेंस कर्मचारी भी एकजुट होकर बैंककर्मियों के द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन में शामिल होंगे और विरोध प्रदर्शन करेंगे।