शिवपुरीः कृषि बिल के कानून के विरोध में ट्रेन रोकने पहुंचे किसान, पुलिस ने अंदर नहीं घुसने दिया - Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। संयुक्त किसान मोर्चा ने तीन कृषि कानून के विरोध में पूरे देश के साथ शिवपुरी में भी विरोध प्रदर्शन किया। मोर्चा के सदस्य सुबह करीब 11 बजे रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रोककर रेल रोको आंदोलन करने पहुंचे। उन्हें रोकने के लिए पहले से ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद था। जब वे लोग स्टेशन पहुंचे तो ट्रैक पर ग्वालियर-गुना पैसेंजर ट्रेन खड़ी हुई थी।

किसानों ने अंदर जाकर ट्रेन के आगे प्रदर्शन करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें स्टेशन के बाहर ही रोक दिया। पुलिस पहले से ही वहां पर बैरिकेट लगाकर तैनात खड़ी हुई थी। शिवपुरी पुलिस के साथ करैरा एसडीओपी और आसपास का बल भी मौजूद था। उल्लेखनीय है कि पूरे देश में शाम चार बजे तक रेल रोको आंदोलन का आव्हान किया गया था। जिले में तो प्रदर्शन चंद घंटे में खत्म हो गया, लेकिन पुलिस चार बजे तक स्टेशन पर तैनात रही।

प्रदर्शन के दौरान संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्यों की पुलिस से हल्की झड़प भी हुई। उनका कहना था कि प्रदर्शन के लिए स्टेशन तक जाने दें, लेकिन पुलिस ने प्रवेश नहीं दिया। इसके बाद नेताओं ने कहा कि सांकेतिक विरोध कर लौट आएंगे, लेकिन पुलिस फिर भी नहीं मानी। इसके बाद वे लोग गिरफ्तारी देने पर अड़ गए। इस पर पुलिस उन्हें गाड़ी में बैठाकर ले गई। हालांकि पुलिस गिरफ्तारी से इंकार करती रही और कहा कि उन्हें सिर्फ बातचीत के लिए दूसरी जगह ले गए हैं। पुलिस ने किसानों को दूसरी जगह ले जाकर छोड़ दिय।

इनका कहना है
बड़ी संख्या में किसान शिवपुरी के रेलवे स्टेशन पहुंचे थे जो रेलवे ट्रेक पर आकर ट्रेन को रोककर प्रदर्शन करना चाहते थे। उन्हें रेलवे स्टेशन के बाहर ही रोक दिया गया। किसानों को वार्तालाप के लिए वाहनों से ले जाया गया है। उनकी गिरफ्तारी नहीं की गई है। अजय भार्गव, एसडीओपी शिवपुरी।
G-W2F7VGPV5M