राजे ने ली ​क्लास तो रात भर में पकडे 300 सूअर, दिन भर से चल रहा है अभियान - Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। शहर की कॉलोनियां, गलियां और मोहल्लों में हजारों की संख्या में सूअर नागरिकों का जीवन दूभर किए हुए हैं। सूअरों के कारण जहां शहर में गंदगी फैल रही है। वहीं सूअरों की धमाचौकड़ी से कई लोग घायल भी हो चुके हैं। इसे देखते हुए स्थानीय विधायक और प्रदेश सरकार की मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने प्रशासन और नगर पालिका पर शहर को सूअर मुक्त बनाने के लिए दबाव बनाया।

इस मुद्दे को लेकर अभिभाषक संजीव विलगैयां भी हाई कोर्ट पहुंचे। जिसके कारण नगर पालिका ने एक-दो दिन सूअर पकड़ों अभियान चलाया। लेकिन बाद में यह मुहिम ठंडे बस्ते में डाल दी गई। कल अपने शिवपुरी आगमन पर जब यशोधरा राजे ने नगर पालिका के अधिकारियों की क्लास ली तो बीती रात से फिर सूअर पकड़ों अभियान शुरू किया गया। नगर का दावा है कि बीती रात को जाल बिछाकर 300 से ज्यादा सूअर पकड़कर शहर से बाहर भेज दिए गए है। बीती रात नगर पालिका सीएमओ शैलेश अवस्थी और स्वास्थ्य अधिकारी गोविंद भार्गव स्वयं रातभर सूअर पालकों के साथ नगर में मौजूद रहे।

बताया जाता है कि सूअरों को पकडऩे के लिए दो दर्जन से अधिक लोगों की टीम ने रातभर प्रयास किए। इस टीम ने नगर में भ्रमण कर जहां-जहां भी सूअर नजर आए उनकी पकड़ी धकडी शुरू कर दी और उन्हें ट्रकों में भरकर बाहर भेज दिया। देखना यह है कि नगर पालिका की यह मुहिम समस्या समाप्त होने तक जारी रहती है या हर बार की तरह एक-दो दिन चलकर बंद हो जाएगी। नगर पालिका प्रशासन का सूअर पालकों को संरक्षण आश्चर्य का विषय बना हुआ है।

सूअर पालकों पर नहीं पड़ रहा नपा के दबाव का असर

नगर पालिका प्रशासन ने एक विज्ञप्ति निकालकर सूअर पालकों से अपेक्षा की थी कि वह शहर में घूम रहे अपने सूअरों का ब्यौरा दें अन्यथा की स्थिति में सूअरों को आवारा मानकर उनको पकडऩे की कार्रवाई की जाएगी। लेकिन इसका कोई असर सूअर पालकों पर नहीं हुआ। सूअर पालकों ने नपा में अपने सूअरों का पंजीकरण नहीं कराया। लेकिन इसके बाद भी नपा में कार्यरत सूअर पालकों के प्रति नपा प्रशासन कोई भी कार्रवाई करने में समर्थ नजर नहीं आया।
G-W2F7VGPV5M