डेंगू पर प्रहार अभियान: आज से शुरू होगा डेंगू नियंत्रण महाअभियान- Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। प्रदेश स्तर पर 15 सितम्बर को डेंगू नियंत्रण महाअभियान का शुभारंभ किया जाएगा। जिला स्तर पर भी इस अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस अभियान में डेंगू से बचाव एवं नियंत्रण गतिविधियों तथा जन-जन को डेंगू रोग के प्रति जागरूक करने हेतु प्रचार-प्रसार गतिविधियां संचालित की जाएगी।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गत दिवस आयोजित बैठक में इस अभियान के संबंध में चर्चा की गई। कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। वर्षा ऋतु के दौरान वेक्टरजनित रोग जैसे मलेरिया, डेंगू एवं चिकनगुनिया इत्यादि का संक्रमणकाल प्रारंभ हो चुका है।

वर्षाकाल के प्रारंभ होते ही अनेक स्थानों पर जल-जमाव होने के कारण घरों में छोटे कंटेनर, टंकियों इत्यादि में एक सप्ताह से अधिक जल संग्रह करने की प्रवृत्ति के कारण डेंगू एवं चिकनगुनिया जैसे रोग फैलाने वाले एडीज मच्छर का प्रजनन शुरू हो जाता है तथा नियमित साफ सफाई न होने के कारण इन मच्छरों के लार्वा उत्पत्ति का स्त्रोत बन जाते हैं, जिससे माह अगस्त से अक्टूबर तक इन बीमारियों का प्रकोप अत्यधिक रहता है।

वर्तमान में डेंगू के प्रकरणों में वृद्धि देखने में आई है, जिसके दृष्टिगत राज्य शासन द्वारा 15 सितम्बर से डेंगू नियंत्रण हेतु डेंगू पर प्रहार जनअभियान प्रारंभ किये जाने का निर्णय लिया गया है। जिले मे डेंगू निरोधक गतिविधियां संचालित की जायेंगी। घरो में लार्वा सर्वे, स्पेस स्प्रे, फॉगिंग, जलजमाव हटाने के लिए टीम काम करेगी।
G-W2F7VGPV5M