खादय विभाग की रगो में घुले भ्रष्टाचार के कारण लुटी पीडीएस की दुकान - Shivpuri News

शिवपुरी। कोरोना में जहां लॉकडाउन के चलते लोगों को मजदूरी नहीं मिली तो लोग भुखमरी की कगार पर हैं। ऐसे में लोगोें को सरकारी राशन से आस थी लेकिन उस पर भी रसद माफिया डाका डालने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे में भुखमरी के शिकार ग्रामीण राशन न लूटे तो क्या करें। ऐसा ही मामला कोलारस अनुविभाग की ग्राम पंचायत बारई में सामने आया है जहां अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों ने पीडीएस की दुकान से राशन लूट लिया और मशीन तोड दी और तौल कांटे भी लूट ले गए।

कलेक्टर से की थी बीते रोज शिकायत

ग्रामीणों ने बारई में राशन की दुकान से राशन न मिलने की शिकायत की थी और कहा था कि दुकान का सेल्समैन उन्हें राशन देने में आनाकानी कर रहा है जिसके बाद कोलारस एसडीएम के निर्देश पर अधिकारी पीडीएस की दुकान पर राशन बंटवाने के लिए पहुंचे तो ग्रामीणों ने दुकान को ही लूट लिया। आखिरकार कलेक्टर ने पहले ही ग्रामीणों की सुध ले ली होती तो शायद दुकान न लुटती।

गरीबों का राशन जा रहा बाजार में

ग्रामीणों की मानें तो गांव वालों के लिए जो पीडीएस की दुकान पर राशन आ रहा है उसे सेल्समैन बाजार में बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहा है जबकि ग्रामीण कंट्रोल की दुकान पर चक्कर लगाने को मजबूर हैं। ऐसे में परेशान ग्रामीण क्या करें वह दुकान न लूटे तो क्या करें।

विधायक भी जता चुके हैं आपत्ति

कोलारस में जिस तरह से पीडीएस की दुकानों से ग्रामीणों को राशन न मिलने की शिकायतें सामने आ रही है उसे लेकर कोलारस विधायक वीरेन्द्र रघुवंशी का कहना है कि सेल्समैन से लेकर संस्था प्रबंधक तक गरीबों का हक डकार रहे हैं ऐसे में इनके विरूद्ध केस दर्ज कर इनकी संपत्ती की कुर्की करना चाहिए तभी यह लोग सुधरेंगे।