शिवपुरी। ग्राम भौंराना के ग्रामीणजना अपने ग्राम में रहकर कृषि कार्य करते है लेकिन उनकी कृषि भूमि ग्राम से करीब 5-6 किमी दूर स्थित है ऐसे में खेतों पर आने-जाने के लिए वर्तमान कोई सड़क मार्ग नहीं है और रास्ते में 2-3 नाले पड़ते है जिनमें कीचड़ व पानी भरा रहता है बरसात में हाल यह है कि कीचड़ युक्त पानी में से होकर ग्रामीणजनों को अपने खेतों तक पहुंचाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ऐसे में अपने खेतों तक पहुंच मार्ग के रूप में सुगम रास्ता हेतु सड़क बनाए जाने की मांग को लेकर ग्राम भौराना के ग्रामीणजनों ने राज्यमंत्री सुरेश रांठखेड़ा को ज्ञापन सौंपकर उचित कार्यवाही की मांग की है।
इन ग्रामीणजनों में बादामी, बबलू, अमरजीत, कमलेश, लखन, रमेश शर्मा आदि ने ज्ञापन के माध्यम से सुझाव देते हुए बताया कि यदि उक्त मार्ग को ग्राम चंदनपुरा से जोड़ दिया जाए तो ग्राम भौंराना, सेमरी, गूगरीपुरा, मुढ़ैरी, बिनेगा, नौहरी आदि गांव वालों को एक-दूसरे गांवों में आने-जाने में सुविधा होगी तथा ग्राम चंदनपुरा से होकर शिवपुरी आने-आने में अन्य सड़क मार्ग की अपेक्षा लगभग 7-8 किमी सड़क मार्ग की दूरी भी कम हो जाएगी।
जिससे आम लोगों को आर्थिक रूप से लाभ होगा और समय की भी बचत हो सकेगी। ग्रामीणजनों ने राज्यमंत्री से ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि वर्तमान में मप्र शासन के राज्यमंत्री होने के नाते वह विधानसभा क्षेत्र पोहरी के अंतर्गत आने वाले ग्राम भौंराना के इस सड़क मार्ग व्यवस्था को समय रहते दुरूस्त कराऐंगें तो आमजन को काफी राहत मिलेगी और ग्राम भौंराना के खेतों से होकर ग्राम चंदनपुरा तक लगभग 7-8 किमी पक्की सड़क मार्ग का निर्माण कार्य शीघ्र-अतिशीघ्र पूरा कराया जाए ताकि समस्त आमजनता को यह सुविधा प्राप्त हो सकेगी।

