पुरानी शिवपुरी की अंतिम जैन को दहेज में 5 लाख नहीं मिलने पर घर से निकाला, सपरिवार मामला दर्ज - Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। शहर के देहात थाना क्षेत्र के नीलगर चौराहे पर रहने वाली एक महिला अंतिम जैन की रिपोर्ट पर उसके पति सौरभ जैन, ससुर पदम जैन, सास आशा जैन और नंद सुरभि जैन के खिलाफ भादवि की धारा 498ए के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पीडि़ता का कहना है कि आरोपीगण उससे दहेज के लिए 5 लाख रूपए की मांग कर रहे थे और मांगपूर्ति न होने पर आरोपियों ने उसे घर से निकाल दिया था।

जानकारी के अनुसार अंतिम पुत्री अशोक जैन निवासी नीलगर चौराहा का विवाह अशोकनगर की खालसा कॉलोनी में रहने वाले आरोपी सौरभ जैन के साथ हुआ था। विवाह के दौरान अशोक जैन ने अपनी पुत्री को खूब दान दहेज देकर घर से विदा किया।

विवाह के कुछ समय तक तो आरोपी सौरभ जैन ने और उसके परिवार के लोगों ने बहू को ठीक ढंग से रखा और कुछ समय बाद ही आरोपी सौरभ जैन, उसका पिता पदम जैन, मां आशा जैन और बहन सुरभि जैन ने अंतिम जैन के साथ बुरा बर्ताव शुरू कर दिया।

आरोपी लगातार उससे 5 लाख रूपए की मांग कर रहे थे। जिसे देने से पीडि़ता ने इंकार कर दिया तो आरोपियों ने उसकी मारपीट कर उसे घर से यह कहकर भगा दिया कि जब तक वह उनकी मांग पूरी नहीं करती, तब तक वह इस घर में नहीं रह सकती हैं।

ससुरालीजनों द्वारा घर से भगाए जाने के बाद पीडि़ता अपने पिता के घर नीलगर चौराहा पुरानी शिवपुरी आकर रहने लगी। इस दौरान पीडि़ता के पिता ने आरोपियों से सुलह के काफी प्रयास किए। लेकिन आरोपी बिना रूपए लिए उसे अपनाने के लिए राजी नहीं हुए। जब वार्ता के सब रास्ते बंद हो गए तो पीडि़ता ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने का फैसला लिया और पीडि़ता ने थाने आकर शिकायत दर्ज करा दी।
G-W2F7VGPV5M