मंदिरों में 5 तो शादी में 50 व्यक्ति ही होंगे शामिल: कलेक्टर आए एफबी पर लाईव - Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को क्राइसिस मैनेजमेंट समूह की बैठक आयोजित की गई। जिले में बढ़ते कोरोना के मामलों को दृष्टिगत रखते हुए बाजार व्यवस्था एवं अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर बैठक में चर्चा की गई।

बैठक में चर्चा करते हुए सदस्यों ने निर्णय लिया कि मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, चर्च आदि धार्मिक स्थलों पर 5 व्यक्तियों से अधिक एकत्रित ना हो। समूह के सदस्यों ने कहा कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर कड़ी निगरानी की जाए।

सभी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा जारी निर्देशानुसार कार्यवाही की जाये। कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने बताया है कि शादी समारोह में 50 से अधिक व्यक्ति शामिल नहीं होंगे। इसके साथ ही सभी को मास्क लगाना अनिवार्य है।

उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में समिति बनाकर लोगों को जागरूक करने का काम शुरू किया जाए। रोको टोको अभियान को प्रभावी बनाया जाए। साथ ही बाजार में दुकानों पर भी निगरानी की जाएगी और लापरवाही करने वालों पर चालान की कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने कहा है कि कोविड महामारी से बचाव के लिए सभी को जागरूक रहने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि कोविड कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जन अभियान परिषद के द्वारा भी कार्य लिया जा रहा है। इसके माध्यम से वालंटियर को शामिल करके विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। मेडिकल कॉलेज में भी नर्स एवं चिकित्सकों की समुचित व्यवस्था की गई है।

फेसबुक लाइव के माध्यम से कलेक्टर ने आमजन को दी जानकारी
कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने सोमवार को फेसबुक लाइव के माध्यम से आम जनों से संवाद किया। उन्होंने जिले में कोविड-19 की स्थिति एवं सावधानी बरतने के लिए लोगों को जानकारी दी। शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों एवं कोविड के प्रोटोकॉल के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने फेसबुक लाइव के माध्यम से आमजनों के सवालों का जवाब भी दिया।
G-W2F7VGPV5M