छात्रों से धोखाधडी करने के मामले में रेडिएंट कॉलेज के संचालक पर मामला दर्ज - Shivpuri News

शिवपुरी। आईटीआई स्टेनो हिंदी ट्रेड में शिवपुरी के छात्र-छात्राओं को धोखे में रखकर भिंड जिले की निजी आईटीआई में प्रवेश दिलाने पर प्राइवेट रेडिएंट आईटीआई कॉलेज के संचालक शाहिद खान के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने शनिवार की रात धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। 

कॉलेज प्रबंधन की गलती के कारण छात्रों को हॉल टिकट नहीं मिल पाए थे। जिससे छात्र परीक्षा देने से वंचित रह गए और 11 दिसंबर को नाराज छात्रों ने रेडिएंट आईटीआई के बाहर धरना दिया। इसके बाद शासकीय आईटीआई के प्राचार्य ने छात्रों की शिकायत के बाद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करा दी।

जानकारी के अनुसार 11 दिसंबर को रेडिएंट आईटीआई शिवपुरी के प्रशिक्षणार्थियों ने शिकायत की थी कि हम छात्रों को साल 2019-20 में रेडिएंट आईटीआई शिवपुरी के स्टेनो हिंदी ट्रेड में अध्ययनरत बताया। स्टेनो की प्रायोगिक परीक्षा के लिए हम छात्रों को एडमिड कार्ड दिए, जिसमें प्रवेश संस्कार प्राइवेट आईटीआई एवं परीक्षा केंद्र आईओसी प्राइवेट आईटीआई इंदिरा गांधी चौक भिंड दर्ज पाया गया।

उक्त परीक्षा केंद्र पर पहुंचने पर छात्रों के पास एनसीवीटी एमआईएस पोर्टल का हॉल टिकट ना होने से छात्र परीक्षा से वंचित रह गए। छात्रों ने कलेक्टर भिंड से मामले की शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद छात्रों ने संयुक्त संचालक से शिकायत की। यहां छात्रों के बयान के बाद कार्रवाई की गई।