हल्की बूंदाबांदी से मौसम हुआ खुशनुमा, पारा गिरा धडाम - Shivpuri News

शिवपुरी। रविवार की सुबह हल्की फुल्की बारिश के साथ पूरे दिन कोहरा छाया रहा। सीजन का यह पहला कोहरा है। इस बार पिछले साल के मुकाबले दस दिन पहले कोहरा आया है। पिछले साल दिसंबर के आखिरी सप्ताह में कोहरा छाया था। 

48 घंटे के भीतर शिवपुरी शहर का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक गिरने से 10 डिग्री नीचे आ गया है। दिन के पारे में भी 4 डिग्री की गिरावट आने से 28 डिग्री पर आ गया है। हल्की शीत लहर के कारण तापमान में परिवर्तन देखने को मिल रहा है। जिसके चलते मौसम खुशनुमा हो गया है। 

शिवपुरी शहर सहित पूरे जिले में कोहरे की वजह से रविवार को दिन भर धूप नहीं खिली। हल्की शीतलहर भी चली। इससे वातावरण में ठंडक घुल गई। एक दिन पहले शनिवार को दिन में धूप खिलने से गर्मी का एहसास हो रहा था। रविवार को लोग पूरी तरह गरम कपड़ों में नजर आए।

इधर मौसम में आए इस बदलाव से रबी सीजन की फसलों को फायदा है। फिर भी किसान मावठ की बारिश का इंतजार कर रहे हैं। बता दें कि अभी तक न्यूनतम पारा 14 डिग्री और अधिकतम पारा 32 डिग्री तक था। इससे गेहूं,चना, सरसों व अन्य फसलों की बढवार प्रभावित होने की संभावना बढ़ गई थी। लेकिन अचानक मौसम के करवट लेने से फसलों को नुकसान होने से जरूर बच गया है।