शिवपुरी। फायनेंस कम्पनियों के दबाव में दो दिन पूर्व एक युवक ने आत्महत्या कर ली थी। वहीं बदरवास में बजाज फायनेंस कम्पनी की प्रताडऩा के कारण एक युवक ट्रेन के आगे कूंद गया था। जिससे उसकी मौत हो गई। दो दिन पहले भी शिवपुरी का राजकुमार कुशवाह उम्र 20 साल निवासी विष्णुमंदिर के पीछे इन फायनेंस कंपनी से तस्त्र होकर आत्महत्या कर चुका है। परंतु उसके बाबजूद भी यह फायनेंस कंपनी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही।
यह मामले अभी ठंडे नहीं हुए कि बजाज फायनेंस के कलेक्शन बॉय ने एक उपभोक्ता के घर पहुंचकर उससे किश्त की मांग की और न मिलने पर उसके मारपीट कर उसे जाति सूचक गालियां दी। जिसकी शिकायत पीडि़त युवक ने हरिजन थाने पहुंचकर दर्ज कराई है। जहां पुलिस ने बजाज फायनेंस के कर्मचारी भरत यादव के खिलाफ भादवि की धारा 294, 506, 3(1)द, ध 3(2) व्हीए, एससीएसटी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
जानकारी के अनुसार शक्तिपुरम खुडा निवासी फरियादी घनश्याम पुत्र अंतुराम जाटव ने बजाज फायनेंस कम्पनी से 14 हजार रूपए का एक मोबाइल फायनेंस कराया था। जिसकी दो से तीन किश्ते उसने जमा कर दीं। लेकिन उसके बाद वह किश्त जमा नहीं कर सका। जिसके तकादे के लिए बजाज कम्पनी का कर्मचारी भरत यादव बीते रोज उसके घर पहुंचा।
जहां भरत उसे घर पर नहीं मिला तो वह उसकी पत्नी से मुंहवाद कर आ गया। बाद में आरोपी भरत यादव ने उसे उसकी दुकान पर सर्किट हाऊस के पास रोक लिया। जहां आरोपी ने उससे किश्त की मांग की। जब पीडि़त ने उससे कहा कि वह किश्त कुछ समय बाद जमा कर देगा।
इसी बात पर आरोपी नाराज हो गया और उसने उसे धमकी देते हुए गाली गलौच शुरू कर दी। साथ ही वह मारपीट पर उतारू हो गया। घटना के बाद पीडि़त थाने पहुंचा और अपने साथ हुई घटना की जानकारी पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली।

