शिवपुरी जिले के हजारों सिंधिया समर्थकों ने ग्वालियर में भाजपा की ली सदस्यता / SHIVPURI NEWS

NEWS ROOM
शिवपुरी। ग्वालियर के फूलबाग मैदान में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष बीडी शर्मा के नेतृत्व में शिवपुरी जिले के हजारों सिंधिया समर्थक कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। यूं तो शिवपुरी जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों के सिंधिया समर्थक भाजपा में शामिल हुए लेकिन इनमेें सर्वाधिक योगदान कोलारस विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का बताया जा रहा है।

पूर्व सांसद प्रतिनिधि हरवीर सिंह रघुवंशी के अनुसार पूर्व विधायक महेंद्र सिंह यादव ने अधिक से अधिक सिंधिया समर्थक लोगों को भाजपा की सदस्यता दिलाने के लिए बहुत मेहनत की। जिससे कोलारस विधानसभा क्षेत्र के लगभग डेढ़ हजार सिंधिया समर्थक भाजपा में शामिल हुए।

करैरा और पोहरी विधानसभा क्षेत्र जहां उपचुनाव होने हैं, उनमें कार्यकर्ताओं को भाजपा में शामिल करने की दृष्टि से बताया जा रहा है कि करैरा विधानसभा क्षेत्र अब्बल रहा। सदस्यता अभियान में सिंधिया समर्थक पूर्व सांसद प्रतिनिधि हरवीर सिंह रघुवंशी को ही अकेले बोलने का अवसर मिला। जिन्होंने अपने भाषण में प्रधानमंत्री मोदी से लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य ङ्क्षसंधिया की तारीफों के पुल बांधे।

सिंधिया समर्थकों ने बताया कि पिछोर विधानसभा क्षेत्र जहां के विधायक कांग्रेस के केपी सिंह हैं। वहां भी बड़ी संख्या में सिंधिया समर्थक कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए। इनकी संख्या लगभग 700 बताई जा रही है। सदस्यता अभियान के लिए जनपद अध्यक्ष प्रहलाद सिंह यादव, ब्लॉक अध्यक्ष रामकृष्ण पाराशर धुंआधार और भैया साहब लोधी की मेहनत प्रमुख रूप से बताई जा रही है।

शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष रहे सिद्धार्थ लढ़ा, शैलेंद्र टेडिय़ा और वीरसिंह लोधी भाजपा में शामिल हुए। लेकिन ग्वालियर न पहुंचने वालों मेें ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष भरत सिंह रावत प्रमुख हैं। जनपद अध्यक्ष पारम रावत भी सिंधिया समर्थक हैं। लेकिन वह कांग्रेस में बने हुए हैं और उन्होंने निर्दलीय रूप से चुनाव लडऩे का ऐलान किया है। 

कोलारस विधानसभा क्षेत्र से भाजपा में शामिल होने वालों में बैजनाथ सिंह यादव, हरवीर सिंह रघुवंशी, रविंद्र शिवहरे, बंटी रघुवंशी, ओपी भार्गव, महेंद्र यादव, राजेश यादव प्रमुख हैं। शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र से 200 से 250 कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल हुए। 

करैरा विधानसभा क्षेत्र से सिंधिया समर्थकों के अनुसार लगभग 1 हजार कांग्रेस कार्यकर्ता और पोहरी विधानसभा क्षेत्र से 700 कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए। सिंधिया समर्थकों का दावा है कि शिवपुरी जिले से लगभग 5 हजार कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए हैं और जिसका फायदा करैरा और पोहरी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को मिलेगा।

सिंधिया और विधायक रघुवंशी की मुलाकात रही चर्चित

ग्वालियर के फूलबाग मैदान में शिवपुरी जिले के कांगे्रस कार्यकर्ताओं के भाजपा मेें शामिल होने के मौके पर राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया और कोलारस के विधायक वीरेंद्र रघुवंशी की मुलाकात चर्चित रही। बताया जाता है कि मंच पर मौजूद वीरेंद्र रघुवंशी ने सिंधिया के पैर छुए और सिंधिया ने उनकी पीठ पर हाथ रखकर अपनी आत्मीयता दशाई।

इसके बाद बताया जाता है कि एक दो मिनिट सिंधिया और रघुवंशी के बीच संवाद भी हुआ। यह मुलाकात इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि कांग्रेस से आए वीरेंद्र रघुवंशी सिंधिया से नाराज होकर ही भाजपा में शामिल हुए थे और भाजपा ने उन्हें 2018 के विधानसभा चुनाव में कोलारस से टिकट दिया तथा वह विजयी हुए।

एक समय वीरेंद्र रघुवंशी ज्योतिरादित्य संधिया के काफी निकट माने जाते थे और सिंधिया ने उन्हें 2007 के प्रतिष्ठित शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी बनाकर उनकी जीत सुनिश्चित भी की थी लेकिन 2013 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी यशोधरा राजे सिंधिया से पराजित होने के बाद वीरेंद्र रघुवंशी सिंधिया से नाराज होकर कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे।
G-W2F7VGPV5M