नदी के सीने में से निकली 3 प्राचीन मूर्तियां, ट्रैक्टर में भरकर ले जाने लगे, प्रशासन ने रोके / BAIRAD NEWS

शिवपुरी। बैराड़ थाना क्षेत्र के ग्राम खरई जालिम गांव में शुक्रवार को नदी से रेत उत्खनन करते समय प्राचीन तीन मूर्तियां मिली हैं। इन्हें ग्रामीणों की सूचना पर प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जब्त कर लिया है।

सरपंच पति नरेंद्र शर्मा ने बताया कि नदी में बैराड़ से आए कुछ रेत कारोबारियों के मजदूर नदी में रेत उत्खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेत भर रहे थे तभी खुदाई के दौरान 25 फीट गहरे गड्‌ढ़े में तीन मूर्तियां निकलीं जिन्हें मजदूरों ने निकालकर ट्रॉली में रेत के साथ रख लिया।

इसके बाद वे ले जाने लगे। इसी दौरान ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियो को सूचना दी। मौके पर पहुंची एसडीएम पल्लवी वैद्य, तहसीलदार व पुलिस ने पहुंचकर मूर्तियों को जब्त कर लिया। ट्रैक्टर- ट्रॉली को थाना में जब्त कर रखवा दिया है।

पुलिस कार्रवाई कर रही है
बैराड़ के खरई जालिम गांव में तालाब के पास से उत्खनन के दौरान कुछ पुरानी मूर्तियां और अवशेष निकले हैं। इसकी सूचना पुरातत्व विभाग को दे दी है और कार्रवाई पुलिस कर रही है।
पल्लवी वैद्य,एसडीएम पोहरी