पिछोर। पिछोर के सहकारी संस्था के खरीद केन्द्रों पर डिफाल्टर केन्द्र प्रभारियों की नियुक्तियों को लेकर भाजपा नेताओं ने आपत्ति दर्ज कराई है और उन केन्द्र प्रभारियों को हटाने की मांग की है। भाजपा नेताओं ने आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा है कि पिछोर सहकारी संस्था के प्रशासका राकेश चौहान ने अपने रिश्तेदारों और चहेतों को खरीद केन्द्र का प्रभारी बनाया है जिन पर वर्ष 2019-20 का गेंहू का गवन करने का आरोप लगा था।
नियुक्त किए गए केन्द्र प्रभारी चंद्रभान ठाकुर पर 250 क्विंटल गेंहू कीमती 2 लाख रूपए के गमन का आरोप लगा था। वहीं मंगल ठाकुर पर 30 क्विंटल गेंहू, जयप्रकाश पर 1 लाख 20 हजार रूपए कीमत के 60 क्विंटल गेंहू गवन करने का आरोप है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रशासक इन डिफाल्टर सेल्समेनों से इसलिए खरीददारी करा रहे हैं कि वह किसानों को चूना लगा सके। वहीं किसान भी ऐसे केन्द्र अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद केन्द्रों पर नहीं पहुंच रहे हैं।
पिछोर जनपद अध्यक्ष रेनू अग्रवाल, भौंती मंडल अध्यक्ष बिहारी गुप्ता, पिछोर मंडल अध्यक्ष राहुल राहोरा, वीरसिंह लोधी, चंद्रभान पटेल, सतेंद्र छिरोल्या, पुष्पेंद्र परिहार ने आरोप लगाया है कि प्रशासक राकेश चौहान पूर्व की कांग्रेस सरकार के दौरान भ्रष्टाचार में लिप्त थे और उन्होंने नियम विरूद्ध तरीके से कई कार्य किए हैं।
साथ ही बिना शिकायत के किसी को भी नोटिस जारी कर 20 से अधिक सेल्समैनों को हटा दिया गया था और उस समय उन पर वसूली के भी आरोप लगे थे। इसे देखते हुए जल्द से जल्द प्रशासक राकेश चौहान को पिछोर से हटाया जाए जिससे किसान खरीद केन्द्रों तक पहुंचकर अपना माल तुला सके।
