सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में कोरोना वायरस से बचाव के उपाए बताए जायेंगे | Shivpuri News

शिवपुरी। प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा रश्मि अरुण शमी ने प्रदेश के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों में कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के उपाय बताने और जागरूकता उत्पन्न करने के निर्देश दिये हैं।

बच्चों को कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए शिक्षक विद्यार्थियों को छींकने, खांसने, टॉयलेट आदि के पश्चात् एवं बीमार व्यक्ति से मिलने, खाना पकाने अथवा खाना खाने इत्यादि के पहले एवं बाद में साबुन एवं जल से नियमित रूप से हाथ धोने जैसे उपाय बतायेंगे।

साथ ही छींकते एवं खाँसते समय नाक व मुंह को रुमाल, टिशू या कोनी से ढाँककर रखने जैसी सतर्कता रखने की जानकारी दी जायेगी। खाँसी, जुकाम या बुखार से पीड़ित व्यक्ति से कम से कम एक मीटर की दूरी बनाये रखने को कहा जायेगा।  खाँसी, जुकाम, बुखार या साँस लेने में तकलीफ की दशा में तत्काल चिकित्सक से संपर्क करने और बुखार या सर्दी-जुकाम की दशा में यात्राएं टालने की समझाइश विद्यार्थियों को दी जायेगी।  

कोरोना वायरस पर स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

प्रदेश के नागरिकों को कोरोना वायरस के लक्षणों और उसके संक्रमण से बचने के लिए लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा एजवाइजरी (सलाह) जारी की गई है।
एडवाइजरी (सलाह) के अनुसार कोरोना वायरस विषाणुओं का समूह है जिससे सामान्यतः जानवरों में बीमारियाँ होती है। कभी-कभी ये मनुष्यों में संक्रमण करता है।

मनुष्यों में इसके लक्षण सर्दी, खाँसी एवं बुखार, सिरदर्द, गले में खराश इत्यादि के रूप में हो सकते हैं। छोटे बच्चों और बुजुर्ग व्यक्तियों सहित ऐसे व्यक्तियों में जिनमें प्रतिरक्षण की क्षमता कम होती है, में यह वायरस निमोनिया, ब्रोंकाइटिस इत्यादि गंभीर बीमारियाँ उत्पन्न करता है।

एडवाइजरी के अनुसार कोरोना वायरस संक्रमित व्यक्ति के खाँसने या छींकने से हवा द्वारा फैलता है। संक्रमित व्यक्ति के निकट संपर्क, छूने या हाथ मिलाने और संक्रमित सामग्रियों के संपर्क में आने के बाद आँख या नाक को छूने से भी यह फैलता है।

नागरिकों को चाहिए कि संक्रमित व्यक्ति के निकट संपर्क में आने से बचें। अपने हाथ बार-बार धोते रहें। संक्रमित सामग्रियों के संपर्क में आने के बाद आँख या नाक को छूने से बचें। नागरिकों को सलाह दी गई है कि सामान्य सर्दी-खाँसी, बुखार होने पर चिकित्सक की सलाह लें एवं घर में आराम करें।