सहकारिता कर्मचारी महासंघ की बैठक में कर्मचारियों की बात नहीं सुनी, बैठक का बहिष्कार | Shivpuri News

शिवपुरी। समर्थन मूल्य की खरीदी से पूर्व सहकारिता कर्मचारी महासंघ के बैनर तले जहां कलेक्टर व सहकारी उपायुक्त को ज्ञापन देकर अपनी समस्याऐं दूर करने की मांग की थी लेकिन मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो खरीदी बहिष्कार की घोषणा भी की गई।

इसके पूर्व इस संदर्भ में शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा स्कंद गुणवत्ता की मीटिंग का आयोजन किया गया। जिसमें नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों द्वारा सहकारी समिति के कर्मचारियों की कोई बात नहीं सुनी गई।

जिस पर निराश होकर सहकारिता कर्मचारियों ने इस मीटिंग का भी बहिष्कार कर दिया और चेतावनी दी कि यदि समय रहते सहकारी कर्मचारियों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आगामी समय में होने वाली समर्थन मूल्य की खरीदी इन संस्थाओं पर नहीं की जाएगी।

बताना होगा कि अभी कुछ दिनों में ही समर्थन मूल्य पर शासन द्वारा गेहॅंू खरीदी की जाना है इसके पूर्व ही यदि सहकारिता कर्मचारियों की लंबित मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो इसे लेकर कई तरह की अव्यव्स्थाऐं खरीद केन्द्रों पर देखने को मिलेंगी जिसमें किसानों और संस्था प्रमुखों के बीच विवाद की स्थिति भी निर्मित होगी। इसे लेकर ही सहकारिता कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं को लेकर एक दिन पूर्व ही जिला कलेक्टर व सहकारिता उपायुक्त को ज्ञापन के माध्यम से अपनी समस्याऐं बता दी थी।