लेन देन को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, जमकर चले लात घूंसे | Shivpuri News

शिवपुरी। शहर के सिटी कोतवाली क्षेत्र व्हीटीपी स्कूल के पास युवकों के दो गुट आमने सामने आ गए और दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई। यह घटना रूपयों के लेन देन को लेकर घटित हुई।  जिसमें दो युवक घायल हो गए। पुलिस ने उक्त मामले में क्रॉस कायमी कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार व्हीटीपी स्कूल के सामने नीतेश शर्मा और लव तिवारी निवासी न्यू दर्पण कॉलोनी पहुंचे। जिन्हें खुडे में रहने वाले मोनू पुरोहित से उधारी के रूपए लेने थे। बताया जाता है कि नीतेश ने मोनू पुरोहित से रूपयों की मंाग की। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

मोनू ने अपने दो साथियों को वहां बुला लिया और वह दोनों गुट आमने सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। घटना में मोनू और नीतेश दोनों ही घायल हो गए। वहीं मोनू के दो साथी और नीतेश का मित्र लव तिवारी को भी चोटें आईं। किसी तरह स्थानीय लोगों ने दोनों गुटों को अलग-अलग किया।

बाद में दोनों ही अपनी-अपनी फरियादी लेकर कोतवाली पहुंच गए। जहां पुलिस ने नीतेश शर्मा की रिपोर्ट पर से मोनू पुरोहित और उसके दो अन्य साथी निवासी शक्तिपुरम खुडा़ के खिलाफ भादवि की धारा 323, 294, 506, 34 के तहत प्रकरण कायम कर लिया। जबकि अनवेश पुरोहित सर्किट हाऊस रोड़ की रिपोर्ट पर से नीतेश शर्मा और लव तिवारी के खिलाफ उन्हीं धाराओं में प्रकरण कायमी कर ली।