लापरवाही: बिना डॉक्टर और नर्सो के हो गया असुरक्षित प्रसव, नही आया स्टाफ

शिवपुरी। जिला अस्पताल में आयुष्मान कक्ष के बाहर सोमवार को एक महिला का असुरक्षित प्रसव हो गया। प्रसव होने पर परिजन मेटरनिटी में स्टाफ को बुलाने गए, लेकिन आधा घंटे तक कोई नहीं आया। बाद में एक नर्स पहुंची और बच्चे का नाल काटकर जच्चा-बच्चा को वार्ड में भर्ती कराने के लिए साथ ले गई।

जानकारी के अनुसार अंजली पत्नी दीवानसिंह प्रजापति निवासी बड़ौदी को डायल 108 एंबुलेंस जिला अस्पताल लेकर पहुंची। परिसर में मेन हॉल के बाहर गेट पर ही प्रसूता व परिजन को उतार दिया और पर्चे अंजली के पति को थमाकर एंबुलेंस चली गई।

पति पर्चे बनवाने के लिए चला गया और मेन हॉल से जैसे ही आयुष्मान कक्ष के पास पहुंचे तो प्रसूता पीड़ा के चलते वहीं गिर गई। यहां देखने के लिए स्टाफ का कोई भी कर्मचारी नहीं आया और असुरक्षित प्रसव हाे गया। इसके बाद परिजन अंदर जाकर नर्स को बुलाने गए थे आने की कहकर करीब आधा घंटा बिता दिया।

जच्चा-बच्चा मदद के इंतजार में तड़पते रहे
प्रसव के बाद लोगों की भीड़ आती-जाती रही और जच्चा-बच्चा मदद के इंतजार में पड़े रहे। महिलाएं कपड़े की ओट लगाकर खड़ी रहीं। नर्स ने आकर नाल काटा और जच्चा-बच्चा को वार्ड में ले जाकर भर्ती करा दिया। बता दें कि जिला अस्पताल शिवपुरी में मरीजों की मदद के लिए हेल्प डेस्क बनाई है, लेकिन यहां ड्यूटी के दौरान कर्मचारी मौजूद नहीं था। इस मामले में सिविल सर्जन डॉक्टर एमएल अग्रवाल का कहना है कि मामले का पता लगाकर कार्रवाई करेंगे।