जेब में था ATM कार्ड, शिवुपरी के युवक के दिल्ली में निकले 59 हजार | Shivpuri News

शिवपुरी। शहर में रहने वाले युवक के खाते से किसी ने दिल्ली के एटीएम से 59 हजार निकाल लिए हैं। चौकाने वाली बात यह है कि एटीएम कार्ड युवक के पास ही है। फिर भी खाते से राशि निकल गई। युवक का कहना है कि किसी ने क्लोन कार्ड बनाकर राशि निकाली है। फिजीकल थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

रविंद्र सिंह निवासी स्टेडियम के पास अंबेडकर कॉलोनी शिवपुरी के खाते से 59 हजार रुपए निकल गए हैं। फिजिकल थाने में गुरुवार को केस दर्ज कर लिया है। रविंद्र ने बताया कि वह सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में पढ़ता है और संविदा शिक्षक वर्ग 3 की तैयारी के लिए काेचिंग कर रहा है।

25 फरवरी की शाम 4.30 बजे कोचिंग से लौटते वक्त विष्णु मंदिर के पास स्थित एसबीआई के एटीएम कार्ड से डेढ़ हजार रुपए निकाले थे। मोबाइल नंबर पर इनकमिंग की सुविधा बंद थी। 1 मार्च को मोबाइल रीचार्ज करने की कोशिश की तो पता चला कि खाते में 48 रुपए बैलेंस बचा है।

कार्ड लेकर उसी एटीएम पर पहुंचा और फिर दूसरे दिन 2 मार्च को बैंक शाखा पहुंचकर खाते की जानकारी निकलवाई। तब पता चला कि किसी ने न्यू दिल्ली स्थित एटीएम से पांच बार में 10-10 हजार, छठवीं बार 8 हजार 500 और सातवीं बार 500 रुपए निकले हैं। हैरानी की बात यह है कि एटीएम कार्ड उसके पास ही है। इसलिए अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी ने क्लोन कार्ड बनाकर राशि निकाल ली है।