शिवपुरी से मात्र 350 किमी दूर है कोरोना: अस्पताल में 1 मरीज 1 अटेंडंर का फार्मूला लागू | Shivpuri News

शिवपुरी। पूरे विश्व में अपनी डर की उपस्थिती दर्ज करा चुका कोरोना वायरल शिवपुरी से 350 किमी दूर दस्तक दे दी हैं। यूपी के आगरा और राजस्थान के जयपुर में कोरोना के मरीज मिलने से शिवपुरी को भी सावधान होने की आवश्यकता हैं। इस कारण जिले का स्वास्थय विभाग सतर्क हो चुका हैं। शिवपुरी के जिला अस्पताल में बडती भीड का दबाब करने के लिए एक मरीज एक अटेंडर का फार्मूला लागू कर दिया हैं।  

जिला अस्पताल में भीड़ कम करने के लिए शुक्रवार से व्यवस्था में बदलाव किया जा रहा है। वार्डों में भर्ती मरीजों के साथ अब एक ही व्यक्ति रह सकेगा। मरीज के पास ज्यादा लोग नहीं पहुंच सकेंगे। मरीज के संग रुकने और मिलने के लिए गुलाबी और पीले रंग के पास जारी किए जाएंगे।

अस्पताल की पार्किंग व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। परिसर के अंदर अब आमजन के सााथ डॉक्टर व स्टाफ के कर्मचारी भी अपनी गाड़ियां लेकर नहीं जा सकेंगे। खास बात यह है कि इसका सख्ती से पालन कराने के लिए अस्पताल परिसर में मास्क पहने गार्ड तैनात रहेंगे जो डॉक्टरों के भी कार्ड चेक करेंगे।

गार्ड वार्ड इंचार्ज के साथ डॉक्टर भी पास चेक करेंगे

जिला अस्पताल में गुरुवार से ही वार्ड व मुख्य द्वार व अंदर गार्ड बैठा दिए गए हैं। डॉक्टर, अन्य स्टाफ के साथ सफाईकर्मी व गार्ड भी पूरे दिन मास्क पहनकर ड्यूटी देते नजर आए। आरएमओ डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर ने बताया कि दोनों तरह के पास जारी करेंगे, उनकी जांच गार्ड करेंगे। वहीं वार्ड इंचार्ज के साथ डॉक्टर भी पास चेक करेंगे।

आइसोलेशन वार्ड बनाया जा रहा, स्क्रीनिंग भी समझाई

जिला अस्पताल में अलग से आईसोलेशन वार्ड बनाया जा रहा है। ओपीडी में आने वाले सर्दी, खांसी, जुखाम और सामान्य बुखार के मरीजों स्क्रीनिंग की प्रकिया डॉक्टर व स्टाफ को समझाई गई है। सैंपल के लिए एक हजार से अधिक किट उपलब्ध होने की बात सीएमएचओ ने कही है। स्टाफ व डॉक्टरों को मास्क भी पर्याप्त मात्रा में रखे हैं।

एंबुलेंस, सीएस, आरएमओ व प्रशासनिक गाड़ियां ही अस्पताल के अंदर जाएंगी

जिला अस्पताल परिसर में मुख्य द्वार से एंबुलेंस के अलावा सिविल सर्जन, आरएमओ, उप प्रबंधक के वाहन अाैर प्रशासनिक गाड़ियां ही अंदर जा सकेंगी। इस नई व्यवस्था से परिसर के अंदर अनावश्यक भीड़ कम होगी। अभी तक अंदर काफी गाड़ियां आ रहीं थीं जिससे भीड़ रहती थी।

आशा व एएनएम को प्रशिक्षित करने एडुसेट से प्रसारण आज

सभी बीएमओ को सामुदायिक और प्राथमिक अस्पतालों में मरीजों की जांच के लिए कहा है। शुक्रवार को भोपाल से एडुसेट से आशा कार्यकर्ता और एएनएम को प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रसारण दोपहर 3 से 4 बजे तक रहेगा।
डॉ. एएल शर्मा, सीएमएचओ, शिवपुरी