गैस सिलेंडर में लगी आग,तेज धमाके से उडी घर की छत,1 की मौत 2 घायल

Bhopal Samachar
शिवपुरी। खबर जिला मुख्यालय से 13 किमी दूर स्थित चिटोरा गांव से आ रही हैं। इस गांव में इस निवासरत एक रावत परिवार के घर बुधवार की रात लगभग 8 बजे सिलेंडर में आग लग गई। परिवार कुछ कर पाता उससे पूर्व ही सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया,जिससे छत उड गई। छत के मलवे में दब जाने से एक युवक की मौत व 2 लोगो के घायल होने की खबर आ रही हैं।  

जानकारी के मुताबिक चिटोरा गांव में बुधवार की रात घर के कमरे में महिलाएं रसोई गैस पर खाना बना रहीं थीं। अचानक सिलेंडर के रेग्युलेटर ने आग पकड़ ली। महिलाएं तो कमरे से बाहर निकल गईं लेकिन अंदर घर के तीन पुरुष रह गए,शायद सिलेंडर में लगी आग को बुझाने का प्रयास कर रहे थें,लेकिन कुछ ही देर में अचानक तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया।

सिलेंडर फटने से कमरे की छत उड़ गई और मलबे के नीचे दबने से चरन सिंह (35) पुत्र मानसिंह रावत की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में चरन सिंह के पिता मानसिंह रावत (65) पुत्र सरवन रावत और चाचा रामवीर (50) पुत्र सरवन रावत गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

यह घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही एंबुलेंस गांव पहुंची, तब तक गांव के लोग निजी गाड़ी से मानसिंह रावत व रामवीर रावत को जिला अस्पताल ले आए थे। एंबुलेंस से चरन सिंह को अस्पताल लाए तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

नया सिलेंडर लेकर गया था चरनसिंह
अस्पताल में मौजूद परिजनों ने बताया कि खुद चरन सिंह बुधवार को ही शिवपुरी शहर से नया सिलेंडर लेकर गया था। उसी सिलेंडर से घर की महिलाएं खाना बना रहीं थीं। तभी अचानक रेग्युलेटर में आग लग गई। महिलाएं तुरंत बाहर निकल गईं, लेकिन संभवत: आग बुझाने की कोशिश में चरनसिंह, मानसिंह व रामवीर कमरे से बाहर नहीं आए।

कुछ ही देर में सिलेंडर फट गया। छत उड़ने से चरन सिंह सात-आठ पटियों के नीचे दब गया था। जबकि एक पटिया रामवीर के पैर पर आकर गिरी जिससे वह जख्मी हो गया। मानसिंह सिलेंडर की आग से झुलस गया है। अचानक धमाके से गांव में दहशत फैल गई।