खेत में खडे युवक को 5 हथियारबंदो ने घेरकर गोली से उडया,5 पर हत्या का मामला दर्ज

पिछोर। जिले की ताजा न्यूज पिछोर अनुविभाग से आ रही हैं। जहां एक बोरिंग मशीन को लेकर युवक को गोली से उडा दिया गया हैं,ईलाज के लिए झांसी ले जाते समय उसकी मौत हो गई हैं। बताया यह भी जा रहा हैं कि पिछले साल भी मृतक के रिश्ते में लगने वाले भाई को भी इन्होने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

जानकारी के मुताबिक पिछोर की हिम्मत पुलिस चौकी के गांव बिरौली में गुरुवार की शाम राघवेंद्र सिंह (38) पुत्र जगदीश सिंह बुंदेला निवासी तालभेट बिजरौंठा की गोली मारकर हत्या कर दी। देर रात फरियादी भगवतसिंह (60) पुत्र मंगलसिंह चौहान निवासी बिरौली ने पिछोर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

फरियादी भगवतसिंह का कहना है कि 19 दिसंबर की शाम 4 बजे खेत पर मैं, मेरा भाई वीरेंद्रसिंह, भांजा राघवेंद्रसिंह एवं खेत पड़ोसी पृथ्वीराज सिंह मौजूद थे। मानवेंद्रसिंह चौहान निवासी करारखेड़ता वहीं पर था। हमारी फसल में पानी चल रहा था। मेरा भांजा राघवेंद्र 15 से 20 मीटर दूर खेत पर बने मकान के पास बनी हौदी पर खड़ा था।

तभी मेहरबान पुत्र राव राजा 12 बोर बंदूक लिए, बंटी पुत्र अतिबलसिंह कट्‌टा, गोलू उर्फ रुद्र पुत्र लक्ष्मण सिंह 315 बोर कट्टा, संजू उर्फ संजय बुंदेला पिस्टल, चंद्रप्रतापसिंह पिस्टल के साथ आए। गोलू उर्फ रुद्र ने कट्‌टे से भांजे राघवेंद्र के दाहिने सीने में गोली मार दी। राघवेंद्र गिर गया और चिल्लाने लगा मामा बचाओ, तब मै व मेरा भाई वीरेंद्र दौड़कर आए।

जैसे ही उक्त लोगों ने हम दोनों भाइयों को देखा तो जाने से मारने की नीयत से फायर करने लगे, जिसमें बाल बाल बच गए। सभी लोग जाते हुए कह रहे थे कि अभी तो दो को ही मारा है, तुम्हारे पूरे परिवार को जान से खत्म कर देंगे। गोली लगने से घायल राघवेंद्र को इलाज के लिए झांसी ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी मेहरबान सिंह चौहान, बंटी चौहान, गोलू उर्फ रुद्र चौहान निवासी बिरौली और संजू उर्फ संजय बुंदेला निवासी रमगढ़ा ललितपुर व चंद्रप्रताप सिंह परमार निवासी मऊ तालभेट जिला ललितपुर के खिलाफ धारा 302, 307, 452, 147, 148, 149 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

क्षेत्र में बोरिंग मशीन किसकी चलेगी, इसको लेकर पिछले साल हुई थी हत्या

25 दिसंबर 2018 को भगवतसिंह चौहान के बेटे कृष्णपाल सिंह के साथ आरोपियों का इस बात को लेकर विवाद हुआ था कि क्षेत्र में बोरिंग मशीन का संचालन हम करेंगे।

विवाद इतना बढ़ गया कि कृष्णपाल की आरोपी मेहरबान सिंह ने हत्या कर दी थी, जो अभी तक फरार चल रहा है। उसी ने गुरुवार राघवेंद्र की हत्या कर दी। इस हत्या को पंचायत चुनाव की रंजिश से भी जोड़कर देखा जा रहा है।