शिवपुरी। भाजपा जिला संभाग प्रमुख का दायित्व संभाल चुके अजीत जैन ने पार्टी के जिलाध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। उन्होंने इस पद के लिए अपने आपको योग्य बताते हुए पार्टी के संभागीय संगठन मंत्री और विधायक यशोधरा राजे सिंधिया को अपना बायोडेटा सौंपा है। इस संबंध में श्री जैन ने विधायक यशोधरा राजे से भी चर्चा की है।
50 वर्षीय अजीत जैन अपने आपको जिलाध्यक्ष पद हेतु आयु के मापदंड पर योग्य ठहराते हैं। बीएससी तक शिक्षित अजीत जैन का कहना है कि पिछले 10 वर्षों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक और पार्टी में पिछले 15 वर्षों से सक्रिय हैं। भाजपा के अध्यक्ष रहे स्व. कैलाश जोशी के कार्यकाल में अजीत जैन पार्टी के जिला संवाद प्रमुख का दायित्व संभाल चुके हैं। श्री जैन ने बायोडेटा में अपने चुनाव लडऩे के अनुभव का भी जिक्र करते हुए बताया है कि 1999 में वह जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ चुके हैं और महज 319 मतों से वह पराजित हुए।
2008 में वह उमा भारती की जनशक्ति पार्टी से कोलारस विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लडक़र 10 हजार मत प्राप्त कर चुके हैं। श्री जैन ने बायोडेटा में सामाजिक संगठनों में अपनी सक्रियता का जिक्र भी किया है और बताय है कि अग्रवाल धर्मशाला ट्रस्ट में पिछले 10 वर्ष से वह अध्यक्ष पद पर आसीन है।
मंगलम, जैन मिलन जैसी कई सामाजिक संस्थाओं में डायरेक्टर पद पर रहकर वह समाजसेवा कर रहे हैं। श्री जैन ने बायोडेटा में अपनी मजबूत पारिवारिक पृष्ठभूमि का जिक्र किया है और कहा है कि वह वर्तमान में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य हैं।