शिवपुरी। वार्ड क्रमांक 11 की विजयपुरम कॉलोनी में इन दिनों हालात इतने खराब हैं कि वहां के लोगों को घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है। बारिश के कारण रास्ता दलदल में तब्दील हो गया है और रही सही कसर ठेकेदार द्वारा बनाई गई नालियों ने निकाल ली जहां घरों के गंदे पानी की नालियों से निकासी न होने के कारण नालियां ओवरफ्लो होकर रास्ते पर आ गई हैं जिससे वहां बदबू के साथ साथ गंदगी का अंबार लग गया है।
जिसमें मच्छरों को पनपने का स्थान मिल गया है और इन्हीं मच्छरों के कारण कॉलोनी में बीमारी फैलने की आशंकाएं बढ़ गई हैं। इसे लेकर कॉलोनीवासियों ने पार्षद नीलम बघेल सहित नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह, उपाध्यक्ष अन्नी शर्मा और सीएमओ गोविंद भार्गव से की, लेकिन किसी ने उनकी इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया। जिसके चलते कॉलोनी के लोग नारकीय यातनाएं झेल रहे हैं।
जानकारी के अनुसार विजयपुरम कॉलोनी सहित वहां लगा पूरे क्षेत्र में काली मिट्टी है जो बारिश के दौरान दलदल में तब्दील हो जाती है। यह समस्या पूरे क्षेत्र में है, लेकिन सर्वाधिक परेशान विजयपुरम कॉलोनी के लोग हैं जिनके घरों के आगे बारिश के बाद वह काली मिट्टी और रास्ते में हुए बड़े-बड़े गड्डे पानी से लबालब हो गए हैं जिस कारण वहां पड़ी मिट्टी दलदल में तब्दील हो गई है, लोगों का घरों से निकलना दुश्वार हो गया है वहीं वहां से गुजरने वाले वाहन चालक इस दलदल में फंसकर गिर जाते हैं और चोटिल होकर वहां से निकलते हैं।
कई मकानों के आगे तो ऐसी स्थिति है कि लोग अपने चबूतरे से भी नीचे नहीं उतर सकते। जिस कारण वहां के लोग अपने काम धंधों पर भी नहीं जा पा रहे हैं। साथ ही वहां होने वाली गंदगी से वह लोग बीमारियों से भी जूझ रहे हैं। यह स्थिति पिछले एक माह से क्षेत्र में बनी हुई है जब इस मामले में पार्षद नीलम बघेल से कॉलोनीवासियों ने शिकायत की तो उन्होंने नगरपालिका जाने की सलाह दी, लेकिन स्वंय उन्होंने लोगों की समस्याओं को हल करने का प्रयास नहीं किया।
जब वार्डवासी सीएमओ के पास पहुंचे तो सीएमओ ने इंजीनियर रामवीर को मौके पर पहुंचाया। कॉलोनी में रहने वाले रामअवतार शर्मा, रमेश शिवहरे, बलराम रावत, सुरेश धाकड़, मोलेश्वर कटारे, अजय भार्गव, लक्ष्मण दुबे, वीरेंद्र शर्मा, नरहरि शर्मा, अशोक सचदेवा, जगदीश शर्मा सहित अनेकों लोग बताते हैं कि इंजीनियर ने सडक़ पर बड़े बड़े बोल्डर डलवा दिए हैं और वहां से चले गए।
इसके बाद स्थिति भयावह हो गई अब तो उस कॉलोनी में उनके वाहनों तक का प्रवेश रूक गया है। जो वाहन घरों में रखे हुए थे वह घरों में ही बंद हो गए और जो घरों से बाहर थे वह अब शहर में रहने वाले अपने रिश्तेदारों के यहां उक्त वाहनों को रख रहे हैं। पीडि़त वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि जल्द से जल्द अगर उनकी समस्या का हल नहीं निकाला गया तो वह नगरपालिका और पार्षद के खिलाफ मोर्चा खोलकर आंदोलन की राह पकड़ेंगे।
खाली पड़ा प्लॉट बना कचरा घर
विजयपुरम कॉलोनी में निवासरत रामअवतार शर्मा के मकान के पास स्थित खाली पड़े प्लॉट को वहां के लोगों ने कचरा घर में तब्दील कर दिया है, क्योंकि सडक़ खराब होने के कारण नगरपालिका का कचरा वाहन भी वहां नहीं आ पाता।
ऐसी स्थिति में श्री शर्मा और उनके आसपास आने वाले लोग कचरा सडऩे से आने वाली बदबू और मच्छरों से काफी परेशान हैं। जबकि नगरपालिका ने पूर्व में यह आदेश दिया था कि खाली पड़े प्लॉटों में अगर गंदगी होती है तो प्लॉट मालिक पर कार्यवाही की जाएगी।
इनका कहना हैं।
वार्ड के लोगों ने मुझसे शिकायत अवश्य की थी, लेकिन उन्होंने कोई आवेदन उन्हें नहीं दिया है अगर वह आवेदन देकर अपनी समस्या मुझे बताते हैं तो मैं उनकी समस्या को जल्द हल करा दूंगा।
मुन्नालाल कुशवाह, नपाध्यक्ष शिवपुरी
जिम्मेदारी पार्षद नीलम बघेल की है
वार्ड नम्बर 11 विजयपुरम क्षेत्र के वार्डवासी एकत्रित होकर उनके पास आए थे। उस समय परिस्थिति अनुसार जीरा गिट्टी और मुरम डलवाकर लोगों की समस्या हल करने का प्रयास किया था, लेकिन बारिश के कारण वह दलदल में तब्दील हो गई थी जिस कारण कॉलोनीवासियों के कहने पर ही वहां बोल्डर डलवाए गए थे।
इस क्षेत्र की सभी सडक़ें नगरपालिका ने स्वीकृत कर दी हैं जिन्हें पूरा कराने की जिम्मेदारी पार्षद नीलम बघेल की है, लेकिन उनकी निष्क्रियता के कारण लोगों को उन सडक़ों का लाभ नहीं मिल रहा है। फिर भी मेरा प्रयास रहेगा कि कॉलोनीवासियों की समस्या हल करने के लिए वह नगरपालिका प्रशासन को बोलेंगे।
अनिल शर्मा अन्नी, उपाध्यक्ष नपा शिवपुरी

