शिवपुरी। नगर पालिका शिवपुरी में एपीएल, बीपीएल और मजदूरी कार्ड दलाल के माध्यम से बनवाए जा रहे थे। दो महिलाओं ने राशन कार्ड व मजदूरी कार्ड के बदले दलालों द्वारा रुपए लिए जाने की शिकायत नगर पालिका उपाध्यक्ष से कर दी। नगर पालिका कार्यालय गेट के सामने स्थित चार दुकानों के दलाल राशन कार्ड और मजदूरी कार्य नगर पालिका कर्मचारियों से सांठगांठ करके बनवाए जा रहे थे।
दुकानों पर छापा मारा तो राशन कार्ड बनाने वाले फाॅर्म बरामद हुए हैं जिन्हें जब्त कर लिया गया है। दलाल व संबंधित नपाकर्मी के खिलाफ कार्रवाई के लिए सीएमओ ने नोटशीट तैयार करवा ली है। मामले में एफआईआर के लिए थाने में शिकायत की तैयारी भी है।
जानकारी के मुताबिक महिला भारती कोली पत्नी राकेश काली निवासी डांडा शंकरपुर झींगुरा से दलाल ने 500 रुपए लेकर मजदूरी कार्ड रिनुवल कराने की जिम्मेदारी ली। साथ ही प्रीति ठाकुर का एपीएल राशन कार्ड बनवाने से पहले 200 रुपए लिए और कार्ड बन जाने के बाद 200 रुपए मांग रहे थे।
महिलाओं ने नगर पालिका उपाध्यक्ष अनिल शर्मा (अन्नी) को दलालों की करतूत बता दी। भारती कोली का मजदूरी कार्ड रिनुवल का काम पैसे लेकर भी दलाल मानसिंह शर्मा ने पूरा नहीं कराया। साथ ही दूसरे दलाल गोपाल सिंघल ने एपीएल राशन कार्ड बनवा दिया, लेकिन प्रीति ठाकुर से दो सौ रुपए और मांग रहा था।
उपाध्यक्ष ने आरआई व अन्य पार्षदों के साथ नपा दफ्तर के सामने संचालित चारों दुकानों पर छानबीन की तो राशन कार्ड बनाए जाने संबंधी फार्म मिले। जो कि सिर्फ नगर पालिका कार्यालय से ही दिए जाते हैं।
प्राइवेट दुकान पर नगर पालिका का फार्मों का एक कट्टा भी मिला है। दलाल श्रीप्रकाश ने खुलासा किया कि वह नपाकर्मी अंकुर उर्फ लक्की श्रीवास्तव को हर एपीएल कार्ड के 300 रुपए देता था। चुनाव के दौरान एडवांस में एक हजार रुपए दिए थे। हालांकि अंकुर ने इस बात काे सिरे से नकार दिया है।

