सोसायटी के कारण किसान की मौत हुई, सचिव और प्रशासन पर FIR की मांग | SHIVPURI NEWS

शिवपुरी। ठर्रा सोसायटी ने चना खरीदकर 2 लाख 60 हजार की राशि का भुगतान न करने पर किसान काे सदमे में पहले हार्टअटैक आया, फिर उसकी इलाज के दाैरान मौत हो गई। अब किसान के बेटे का कहना है कि पहले ही भुगतान कर देते तो पिता की मौत नहीं होती।  

नाराज बेटे ने कहा कि अब प्रशासन कार्रवाई करना ही चाहता है तो उन कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज करे जिनकी वजह से मेरे पिता का देहांत हो गया। इस संबंध में मंगलवार को जनसुनवाई में भी शिकायत की गई।ठर्रा सोसायटी पर 27 मई को किसान जगन्नाथ रावत (64) निवासी जसराजपुर औ उसके बेटे वासुदेव ने मई महीने में समर्थन मूल्य पर तीन बार में चना बेचा था। इसका कुल 2.60 लाख रुपए का भुगतान अटका हुआ था। 
मंगलवार को जनसुनवाई में आवेदन लेकर शिकायत करने आए किसान एकता परिषद के जिला संयोजक रामहेत पटेल ने कलेक्टर को बताया था कि किसान जगन्नाथ रावत पैसे के अभाव में बीज नहीं खरीद सका। 11 जुलाई को उसे ब्रेन हेमरेज हो गया।

ग्वालियर में इलाज के दौरान 16 जुलाई को ही उसकी मौत हो गई। श्री पटेल ने कलेक्टर को बताया कि वह आवेदन लेकर पिछली जनसुनवाई में 16 जुलाई को आया था जहां एडीएम को आवेदन दिया। इसके बाद मीडिया में खबर छपी और प्रशासन ने अगले दिन मृतक और उसके बेटे के खाते में 2 लाख 60 हजार की राशि डाल दी।

लेकिन अब भुगतान अटकाने वाले सोसायटी सचिव उपेंद्र यादव और सोसायटी प्रशासक डीपी राठौर के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए। मृतक किसान के पुत्र वासुदेव ने भी भास्कर से चर्चा में यही बात कही। इस पर कलेक्टर ने आवेदन पर कार्रवाई के लिए नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों को लिखा है।