राजीनामा नहीं किया तो आरोपियों ने परिवार के 4 सदस्यों पर कुल्हाड़ी से किया जानलेवा हमला | SHIVPURI NEWS

शिवपुरी। पोहरी में स्थित एक खेत पर चार आरोपियों ने कुल्हाड़ी, खरैरा से एक ही परिवार के चार सदस्यों पर जानलेवा  हमला बोल दिया। आरोपीगण पीडि़त पक्ष पर पूर्व में दर्ज किसी मामले में राजीनामा के लिए दबाव बना रहे थे।

इस घटना में सभी चारों लोग गंभीर रूप से घायल हैं जिनमें एक बालिका भी  शामिल है। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में सभी चारों आरोपियों के खिलाफ भादवि की धारा 307, 323, 324, 294, 506, 34 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम करीब 6 बजे फरियादी बल्लू पुत्र सवाई धाकड़ निवासी ग्राम भटनावर अपने डाडे का खेत पर अपने पुत्र बैदीचरण पत्नि कला धाकड़ और नातिन छाया धाकड़ के साथ खेत पर काम कर रहा था तभी आरोपी ओमी उर्फ ओमप्रकाश धाकड़, अरविंद धाकड़, धर्मेंद्र धाकड़ और बाबा धाकड़ निवासी आमतला दो कुल्हाड़ी और दो खरैरा  लेकर  ट्रेक्टर से आए  और ट्रेक्टर को सडक़ पर खड़ा कर चारों ने उसे और उसके पुत्र बैदीचरण को मां-बहन की गंदी  गंदी गालियां देकर पूर्व में दर्ज प्रकरण में राजीनामा करने के लिए कहा।

जब उन्होंने मना कर दिया तो आरोपियों ने उनसे कहा कि आज तुम्हें जान से मार देंगे। तभी आरोपी ओमी धाकड़ और अरविंद धाकड़ ने कुल्हाड़ी से बैदीचरण पर उसके सिर पर तीन प्रहार किए जिससे बैदीचरण का सिर फट गया और खून आ गया और बैदीचरण अचेत होकर जमीन पर गिर गया।

जब  उसे बचाने स्वयं उसका पिता  बल्लू, मां कला धाकड़ और नातिन छाया आई तो आरोपी ओमी धाकड़ ने कुल्हाड़ी से छाया के सिर में भी प्रहार कर दिया। इसके  बाद आरोपी धर्मेंद्र धाकड़ ने कलाबाई के सिर में खरैरा मार दिया बाद में चौथे आरोपी बाबा धाकड़ ने बल्लूराम के गले और पैर में खरैरा मारकर घायल कर दिया जिससे परिवार के  सभी सदस्य गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिए गए।

आरोपी घटना के बाद सभी घायलों को धमकाते हुए वहां से भाग निकले। इसके बाद किसी ने पुलिस को सूचना दी तब पुलिस मौके  पर पहुंची तब घायलों को अस्पताल भिजवाया और मामले में फरियादी बल्लू राम धाकड़ की रिपोर्ट पर से कायमी कर ली है।