शादी में से लौट रहे जिलाबदर आरोपी की गोली मारकर हत्या,लाश पुलिया के नीचे फेंक दी | PICHHORE,SHIVPURI NEWS

Bhopal Samachar
पिछोर। जिले के पिछोर अनुविभाग के भौंती क्षेत्र में एक व्यक्ति की शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात अज्ञात व्यक्तियों ने छाती में गोली मारकर हत्या कर दी है। शनिवार की सुबह नहर की पुलिया के नीचे लाश पड़ी मिली। भौंती थाना पुलिस पोस्ट मार्टम के लिए शव देर शाम शिवपुरी जिला अस्पताल लाया गया है। मृतक जिला बदर का भी अपराधी है। पुलिस ने संदेही लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक भौंती के मजरा मीरपुरा निवासी सिरनाम सिंह पुत्र बाघराज लोधी उम्र 40 साल किसी शादी में शामिल होने गए थे। रात को लौटते वक्त किसी ने गोली मारकर सिरनाम सिंह लोधी की हत्या कर दी। शनिवार की सुबह करीब 10 बजे नहर की पुलिया के नीचे लाश पड़ी मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद शाम को पीएम के लिए शव को शिवपुरी लेकर आए। पुलिस की मौजूदगी में पीएम कराया गया।

मृतक का कई लोगों से जमीन विवाद चल रहा था। इसलिए परिजन ने कुछ संदेहियों के नाम पुलिस को बताए हैं। पुलिस संदेहियों से पूछताछ कर हत्यारों का पता लगाने की कोशिश में जुट गई है।

जमीन विवाद के चलते इन छह लोगों पर हत्या की आशंका

मृतक के बेटे ने पुलिस को बताया है कि उसके पिता ने पंद्रह साल पूर्व भौंती में रोड किनारे एक व्यक्ति की जमीन खरीदी थी। जमीन का एक हिस्सा दूसरे व्यक्ति ने खरीदा था। छह-सात साल पूर्व भी कस्बे में अंदर भी जमीन खरीदी है, जिसको लेकर विवाद चल रहा है। जिनमें पहली जमीन के मामले में विश्वनाथ, अमरसिंह, समरथ लोधी और दूसरी जमीन में केदारनाथ, पंकज और अजय से विवाद चल रहा है। परिजनों ने उक्त लोगों पर संदेह जताया है।

इनका कहना है
मृतक जिलाबदर का आरोपी है। परिजन जमीन विवाद के चलते हत्या की आशंका जता रहे हैं। छह लोगों के नाम परिजन ने बताए हैं। फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। संदेहियों से पूछताछ करेंगे।
सतीश सिंह चौहान, नगर निरीक्षक, थाना भौंती जिला शिवपुरी