शिवपुरी। शिवपुरी मुख्यालय से मात्र 13 किमी दूर स्थित राजा की मुढेरी गांव में शनिवार-रविवार की रात एक किसान के घर में सिलेंडर अचानक से फट गया। कमरे में विस्फोट होने के कारण कमरा उड गया,उसमें रखा अनाज और नगदी रूपए जलने की खबर आ रही हैं,इस घटना में कमरे के पास सो रहा पूरा परिवार सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार राजा की मुढ़ेरी निवासी लक्ष्मण कुशवाह (38) पुत्र कपूरा कुशवाह ने बताया कि वह घर के बाहर अन्य सदस्यों के साथ सो रहे थे। तभी रात करीब 1 से 1.30 बजे के बीच तेज धमाका हुआ। नींद खुलने पर देखा कि उनके मकान का एक कमरा क्षतिग्रस्त हो गया है और छत नीचे आ गई है।
जबकि घर के दूसरे कमरे की छत पर छोटा भाई अशोक कुशवाह व उसकी पत्नी अनसुईया और उनके दो बेटे देव व अमित सहित लक्ष्मण का बेटा छोटू सो रहे थे। घटना में पांचों को किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई है। हालांकि सिलेंडर फटने की घटना के बाद आग की लपटों से उसका पैर हल्का झुलस गया है। सूचना पर मौके पर दमकल आई और आग पर काबू पा लिया।
लक्ष्मण का कहना है कि छोटू की बहू का पथरी का ऑपरेशन कराने के लिए उसने 30 हजार रुपए 3 रुपए मासिक ब्याज पर उठाए हैं। हादसे में ये रुपए जल गए हैं। साथ ही मेले में दुकान लगाकर 15 हजार रुपए रखे थे, वे भी जल गए। पांच क्विंटल चना और दो क्विंटल आजवाइन, किसान क्रेडिट कार्ड की किताब भी जल गई है।
बर्तन, कपड़े सहित खाने-पीने का सारा सामान जल गया है। घटना की सूचना सुबह सिरसौद थाना पुलिस को दे दी थी। फोन पर पटवारी को भी अवगत कराया। लेकिन शाम तक मौके पर कोई नहीं पहुंचा।

