शिवपुरी। शिवपुरी के प्यासे कंठो के लिए जीवन दायिनी सिंध जलावर्धन योजना की लाईनो का जाल शिवपुरी नगर में बिछाने का कार्य चल रहा हैं। नगर में टोटल 213 किमी लाईन बिछानी हैं,लेकिन अभी तक 45 किमी लाईन बिछाई जा चुकी है। बताया जा रहा है कि इस योजना में लाईन बिछाने के लिए पी डब्लू डी शहर के प्यासे कंठो का दुशमन बन रहा हैं।
शहर में कई सडके पी डब्लू डी विभाग की होने के कारण खुदाई की परमिशन नही हैं। पीडब्लूडी का कहना है कि हमने कुछ सडको खोदने की परिमिशन दी थी, लेकिन नपा ने सडके खोद दी लेकिन सही नही कराई है। कुल मिलाकर नपा की कार्यप्रणाली भी शहर के प्यासे कंठो के संकट हैं।
जानकारी के अनुसार शिवपुरी शहर में सप्लाई लाइन बिछाने का ठेका जेएम बगासिया अहमदाबाद को मिला है। नगर पालिका ने 21 दिसंबर 2018 को वर्कऑर्डर जारी कर दिया था। कागजी खानापूर्ति के बाद 25 जनवरी से सप्लाई लाइन बिछाने का काम शुरू करा दिया था। तेजी से काम चला और आज 45 किमी सप्लाई लाइन बिछाई जा चुकी है।
कंपनी के लोगों का कहना है कि सप्लाई लाइन क्रसिंग के लिए पीडब्ल्यूडी की सड़कें बाधा बन रही हैं। जगह चिन्हित कर खुदाई की अनुमति के लिए पीडब्ल्यूडी को डेढ़ महीने पहले पत्र भी लिखे। लेकिन विभाग ने अभी तक अनुमति देने पर गौर नहीं किया। इसके अलावा सप्लाई लाइन बिछाने के दौरान नगर पालिका की सड़कें खोदने पर लोग आपत्ति कर रहे हैं।
हालांकि इन रुकावटों की वजह से सप्लाई लाइन बिछाने का काम रोका नहीं जा रहा है। जहां कोई रुकावट नहीं है, वहां खुदाई कर पानी की सप्लाई लाइन बिछाने का काम जारी है। बता दें कि मड़ीखेड़ा मुख्य सप्लाई से ओवरहेड टैंक एक-एक कर जोड़े जा रहे हैं। नए ओवरहेड टैंक से घर-घर सप्लाई तभी हो सकेगी जब वितरण लाइन का काम पूरा होगा।
आचार संहिता हटने के बाद नल कनेक्शन के लिए प्रक्रिया आगे बढ़ेगी
मड़ीखेड़ा से शहर तक सप्लाई लाइन बिछाने और ओवरहेड टैंक भरने का काम अलग कंपनी को दिया है। शहर में सप्लाई लाइन दूसरी कंपनी बिछा रही है। तीसरे चरण में घर-घर नल कनेक्शन देने का काम होना है। नगर पालिका ने शासन को प्रस्ताव भेजा है, जहां से नल कनेक्शन को लेकर अभी कोई जवाब नहीं मिला है।
नल कनेक्शन के तहत क्या प्रकिया अपनाई जाना है और कब से काम शुरू होगा, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आचार संहिता हटने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी।
इन क्षेत्रों में बिछाई जा रही है लाइन
श्हार के लुधावली, भारतीय विद्यालय, मनियर, फतेहपुर क्षेत्र और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में सप्लाई लाइन बिछाने का काम चल रहा है। काम समय से पहले पूरा करने के लिए कंपनी ने छह जेसीबी मशीनें, तीन जेसीबी ब्रेकर, एक ट्रैक्टर ब्रेकर का उपयोग किया जा रहा है।
इन क्षेत्रों में लाइन 45 किमी तक बिछाई जा चुकी है। यानी 25% लाइन बिछाने का काम हो गया है। शेष 75% सप्लाई लाइन बिछाने के लिए जून-जुलाई 2019 तक बिछाई जाना है। हालांकि अनुबंध शर्तों के अनुसार जून 2020 तक सप्लाई लाइन बिछाने का काम पूरा करना है।
अभी तक नहीं मिली स्वीकृति
हर ओवरहेडटैंक के लिए सप्लाई लाइन बिछाने के लिए 10 से 12 जगह रोड क्रासिंग होना है। पीडब्ल्यूडी को डेढ़ महीने पहले पत्र लिखा था। अभी तक स्वीकृति नहीं मिली है। राकेश गिरी, प्रोजेक्ट इंचार्ज, जेएम बगासिया अहमदाबाद
नहीं देंगे अनुमति
हम अपनी रोड खोदने की अनुमति नहीं देंगे। हमारी फिजिकल, नवाब साहब रोड, कमलागंज, भूत पुलिया के पास, वीआईपी रोड खोद दी। लिखित में अनुमति लेते समय रोड ठीक कराकर देने को कहा था। लेकिन आज तक रोड खुदी पड़ी हैं। नगर पालिका हमारा कोर्डिनेशन क्यों नहीं लेती। यदि अनुमति दे दी तो पूरी सड़कें खोद देंगे।
ओमहरी शर्मा, कार्यपालन यंत्री, पीडब्ल्युडी शिवपुरी
स्मरण पत्र जारी करेंगे
यदि पीडब्ल्यूडी ने स्वीकृति नहीं दी है तो फिर से स्मरण पत्र जारी करेंगे। अनुमति लेकर काम पूरा कराया जाएगा।
केके पटेरिया, सीएमओ,नपा, शिवपुरी

