shivpuri,मंदिर की चढ़ोत्तरी डकार गया कियोस्क संचालक, पुजारी से धोखाधड़ी

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। जिले के सुभाषपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बारा में मंदिर के पुजारी के साथ कियोस्क बैंक संचालक द्वारा धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पुजारी ने आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपी कियोस्क संचालक के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई और अपनी राशि वापस दिलाने की गुहार लगाई है।

भक्तों की चढ़ोत्तरी पर संचालक की नीयत खराब
शिकायतकर्ता गायक सिंह उर्फ लायकराम गुर्जर, जो भोजा के पहाड़ पर स्थित मंदिर के पुजारी हैं, ने बताया कि वे एसबीआई (SBI) कियोस्क बैंक सतनवाड़ा के नियमित खाताधारक हैं। बीते 02 मई 2024 को उन्होंने मंदिर में भक्तों द्वारा चढ़ाई गई कुल 67,700 रुपये की राशि कियोस्क पर बैठे अजय खटीक को अपने खाते में जमा करने के लिए दी थी। लेकिन संचालक ने जालसाजी करते हुए केवल 7,000 रुपये ही जमा किए और बाकी की 60,700 रुपये की राशि खुद डकार ली।

स्टेटमेंट चेक कराया तो खुला राज
पुजारी लायक सिंह को धोखाधड़ी का पता तब चला जब वे 6 फरवरी 2026 को मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए पैसे निकालने कियोस्क पहुंचे। वहां ताला लटका मिला और आसपास के लोगों से पता चला कि संचालक कई लोगों के साथ धोखाधड़ी कर फरार हो चुका है। इसके बाद जब उन्होंने शिवपुरी स्थित मुख्य शाखा में जाकर अपना स्टेटमेंट चेक करवाया, तो पता चला कि 67,700 रुपये की जगह केवल मामूली राशि ही जमा की गई थी। यही नहीं, पुजारी ने पूर्व में भी 5 हजार, 8 हजार और 10 हजार रुपये के जो ट्रांजैक्शन किए थे, उनका भी स्टेटमेंट में कोई उल्लेख नहीं मिला।

एसपी से कड़ी कार्रवाई की मांग
पीड़ित पुजारी ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपते हुए मांग की है कि कियोस्क संचालक अजय खटीक के विरुद्ध जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए और मंदिर की चढ़ोत्तरी की राशि वापस दिलाई जाए।