शिवपुरी,सेवा का संकल्प,कॉलेज के MBBS स्टूडेंट्स घर घर जाकर बनेंगे फैमिली डॉक्टर

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी के  श्रीमंत राजमाता विजयाराजे सिंधिया चिकित्सा महाविद्यालय  के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग द्वारा आज  ग्राम पंचायत रातौर में एक स्वास्थ्य शिविर और फैमिली एडाप्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से न केवल ग्रामीणों का उपचार किया गया, बल्कि चिकित्सा शिक्षा ले रहे एमबीबीएस के छात्रों को समाज की जमीनी स्वास्थ्य समस्याओं से जोड़ने का अभिनव प्रयास भी किया गया।

छात्रों ने ली स्वास्थ्य की जिम्मेदारी
कार्यक्रम के दौरान अधिष्ठाता डॉ. डी. परमहंस ने स्थानीय ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने एमबीबीएस बैच 2025-26 के छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से निर्देशित किया कि वे प्रत्येक घर को गोद लें। छात्रों को निर्देश दिए गए कि वे अपने आवंटित परिवारों में कुपोषित बच्चों, एनीमिया (खून की कमी) से जूझ रही महिलाओं, और हाइपरटेंशन, डायबिटीज, हृदय या किडनी जैसी गंभीर बीमारियों से ग्रस्त मरीजों की पहचान करें। छात्रों ने घर-घर जाकर स्वास्थ्य चर्चा की और परिवारों को आश्वासन दिया कि शासन की योजनाओं के तहत उनका निःशुल्क इलाज सुनिश्चित कराया जाएगा।

स्वास्थ्य शिविर का आमजन ने लिया भाग
शिवपुरी के मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंटसो के द्वारा लगाए गए इस स्वास्थ्य शिवपुरी में मेडिकल कॉलेज के सभी विभागो के प्रमुख चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दी। इस शिवपुरी में लगभग 200 मरीजों ने अपने स्वास्थ्य का परीक्षण कराया,शिविर में ही 50 से अधिक पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
 शिशु रोग, नेत्र रोग, शल्य चिकित्सा (सर्जरी), ईएनटी (नाक-कान-गला) और जनरल मेडिसिन विभागों के विशेषज्ञों ने मरीजों को परामर्श और दवाइयां वितरित कीं।

इनकी रही मुख्य भूमिका
कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश अहिरवार ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना है। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. आनंद राजपूत, डॉ. विष्णु कुमार गुप्ता (नोडल अधिकारी), डॉ. संगीता गुप्ता, और पीजी छात्रों (डॉ. वीरभान, डॉ. सौम्या, डॉ. दीपक) का विशेष योगदान रहा। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों में सरपंच राजकुमार धाकड़ और मुकेश धाकड़ सहित सामाजिक कार्यकर्ता चन्द्रेश धाकड़, आयुषी श्रीवास्तव, और पूरी मेडिकल टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई।