ईश्वर भक्ति और देश भक्ति का संगम, 48 घंटे में 330 KM की दौड़, गोवर्धन की परिक्रमा करेगा शिवपुरी का फौजी

Bhopal Samachar

शिवपुरी। शिवपुरी जिले की कोलारस तहसील अंतर्गत आने वाले ग्राम बलैहरा के रहने वाले एक देश भक्त जिनका सिलेक्शन हाल ही में भारतीय सेना में हुआ हैं, इस देश भक्त ने अपने आप से एक वादा किया था कि जैसे ही मेरा सिलेक्शन भारतीय सेना में होता हैं वैसे ही में अपने ही गांव से गोवर्धन गिरिराज जी की परिक्रमा पूर्ण करूंगा और यह संकल्प इतना आसान नहीं हैं, मात्र 48 घंटे में यह दूरी तय करनी होगी।

जानकारी के अनुसार कोलारस तहसील के ग्राम बलैहरा के रहने वाले भारतीय सेना के जवान संजीव यादव उर्फ बंटी ने भक्ति और अटूट संकल्प की एक ऐसी मिसाल पेश की है, जिसे देख हर कोई दंग है। संजीव ने अपने गांव बलैहरा से गोवर्धन गिरिराज जी (मथुरा) तक की 330 किलोमीटर की दूरी को महज 48 घंटे में दौड़कर पूरा करने का कठिन संकल्प लिया है।

संजीव ने सेना में भर्ती से पहले लिया था संकल्प
संजीव यादव, जो वर्तमान में भारतीय सेना में पदस्थ हैं, बताते हैं कि यह संकल्प उन्होंने सेना में भर्ती होने से पहले लिया था। उन्होंने मन्नत मांगी थी कि यदि वे देश सेवा के लिए चुन लिए जाते हैं, तो वे अपने गांव से गोवर्धन जी तक दौड़कर जाएंगे और परिक्रमा करेंगे। अब अपनी छुट्टी के दौरान वे इस कठिन मन्नत को पूरा करने निकले हैं।

330 किलोमीटर का सफर और अटूट हौसला
संजीव यादव ने अपने गांव से दौड़ शुरू कर दी है। उनके साथ उनके कुछ साथी और ग्रामीण उत्साहवर्धन के लिए चल रहे हैं। 330 किलोमीटर की इस लंबी दूरी को मात्र 48 घंटों में तय करना किसी भी एथलीट के लिए बड़ी चुनौती है, लेकिन संजीव का कहना है कि सेना के प्रशिक्षण और गिरिराज जी की कृपा से वे इसे समय पर पूरा कर लेंगे।

गांव में उत्साह का माहौल
जैसे ही संजीव ने अपने गांव बलैहरा से यह दौड़ शुरू की, ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया और उनकी इस भक्ति भावना की सराहना की। लोगों का कहना है कि संजीव ने न केवल सेना में जाकर गांव का नाम रोशन किया है, बल्कि अपनी धार्मिक आस्था और संकल्प को निभाकर युवाओं के लिए प्रेरणा भी पेश की है।