सिंधिया के रोडमैप से चमकेगी शिवपुरी, 30 करोड़ के बजट की जिम्मेदारी महाराज के कंधो पर

शिवपुरी। विशेष संवाददाता शिवपुरी शहर को एक आधुनिक, सुंदर और व्यवस्थित सिटी के रूप में विकसित करने के लिए विजन शिवपुरी 2026 का ब्लूप्रिंट तैयार हो चुका है। क्षेत्रीय सांसद और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की विशेष पहल पर जिला कलेक्टर रविंद्र चौधरी और नगर पालिका सीएमओ इशांक धाकड़ ने मिलकर विकास का एक ऐसा मास्टर प्लान बनाया है, जो यदि धरातल पर उतरा तो शिवपुरी की दशा और दिशा दोनों बदल जाएंगी।

30 करोड़ का बजट और सिंधिया की जिम्मेदारी
इस पूरे प्रोजेक्ट को मूर्त रूप देने के लिए लगभग 30 करोड़ रुपए के भारी-भरकम बजट की आवश्यकता है। नगर पालिका के पास वर्तमान में इतनी बड़ी राशि उपलब्ध नहीं है, ऐसे में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने भरोसा दिलाया है कि वे केंद्र या प्रदेश सरकार के माध्यम से यह राशि शिवपुरी की झोली में लाएंगे। प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि अगले 2 से 3 महीनों में इस योजना का काम जमीन पर दिखना शुरू हो जाएगा।

हेरिटेज लुक और चौराहों का कायाकल्प
शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए इसके दोनों मुख्य प्रवेश द्वारों को 2 करोड़ रुपए की लागत से हेरिटेज लुक में तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही शहर के 9 प्रमुख चौराहों का 2 करोड़ रुपए से पुनर्विकास होगा, जिनमें शामिल हैं

एमएम हॉस्पिटल चौराहा, नीलगर चौराहा, गुना बायपास, ग्वालियर बायपास, पोहरी चौराहा, रोटरी चौराहा, हॉस्पिटल चौराहा, कस्टम गेट तिराहा, सुभाष पार्क, न्यू ब्लॉक और ऐतिहासिक माधव चौक।

यातायात सुधार: हॉकर्स जोन और ऑटो स्टैंड
शहर के व्यस्त इलाकों को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए प्रशासन ने 8 हॉकर्स जोन और 8 व्यवस्थित ऑटो स्टैंड बनाने का निर्णय लिया है। इस पर करीब 5 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इससे सड़क किनारे लगने वाली दुकानों और बेतरतीब खड़े ऑटो के कारण होने वाली 'हॉजपॉज' की स्थिति खत्म होगी।

जल संरचनाओं का संरक्षण
शिवपुरी की पहचान उसके तालाबों से है। विजन 2026 के तहत बस स्टैंड तालाब, भुजरिया तालाब, जाधव सागर और पुराने मनियर तालाब का 10 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसमें तालाबों की सफाई, गहरीकरण और उनके आसपास सौंदर्यीकरण का कार्य शामिल है।

सरकारी बजट के साथ जनभागीदारी का मेल इस योजना की सबसे खास बात यह है कि इसमें केवल सरकारी धन पर निर्भरता नहीं रहेगी। प्रशासन का प्रयास है कि शहर के जागरूक नागरिक, व्यापारी संघ और समाजसेवी संस्थाएं भी इस अभियान का हिस्सा बनें। कई प्रतिष्ठित व्यवसायी और समाजसेवी शहर के पार्कों और चौराहों के रखरखाव की जिम्मेदारी लेने के लिए आगे आ रहे हैं।

यह बोले सीएमओ  
केंद्रीय मंत्री सिंधिया जी के निर्देश और कलेक्टर महोदय के मार्गदर्शन में विजन-शिवपुरी की पूरी रूपरेखा तैयार है। जैसे ही फंड प्राप्त होता है, काम युद्धस्तर पर शुरू होगा। हम इसमें जनभागीदारी को भी प्रोत्साहित कर रहे हैं।
इशांक धाकड़, सीएमओ, नगर पालिका शिवपुरी