सिंधिया के 17 समर्थकों को मिली विकास सलाहकार समिति में जगह, मूल कांग्रेस नेताओं का जलवा

शिवपुरी। जिला विकास सलाहकार समिति का गठन शनिवार को कर दिया गया। कलेक्टर शिवपुरी रवींद्र चौधरी ने 20 सदस्यीय स्थानीय नेताओं की जिला समिति घोषित की, जिसमें 3 मूल भाजपाई, जबकि 17 कांग्रेस से भाजपा में आए नेता शामिल होने को चर्चा है। खास बात यह है कि इस समिति में जो नाम शामिल हो गए हैं, वे अब कार्यकारिणी में नहीं आ सकेंगे।

विकास समिति में ये नाम शामिल हैं
जिला विकास समिति में मुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री, शिवपुरी-गुना सांसद, ग्वालियर सांसद, पाँचों विधायक, नगर पालिका, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं जनपद अध्यक्षों के अलावा जिले के 20 स्थानीय नेताओं को शामिल किया गया। इनमें राजू बाथम (पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष), सक्षम जैन (शिवपुरी विधायक पुत्र) और सुरेंद्र कोठारी (खनियाधाना) को शामिल किया गया है।

जबकि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए नेताओं के नाम शामिल हैं। इनमें जसमत जाटव (पूर्व विधायक), भैया साहब लोधी, इंदर लोधी, सुल्तान सिंह गौर, भूरा लाल कुशवाह, अशोक ठाकुर, हरवीर रघुवंशी, उमाचरण धाकड़, अमन लोधी, लाखन सिंह बघेल, योगीलाल बिलैया, छत्रसाल कुशवाह, सूरजभान सिंह धाकड़, जितेंद्र जैन (गोटू), सुरेश धाकड़ और माताचरण शर्मा के नाम शामिल हैं।

सूची में जो नाम वह कार्यकारिणी में नहीं
इस सूची में जो नाम शामिल हैं अब वह कार्यकारिणी में नहीं होंगे क्योंकि एक ही व्यक्ति को दो जगह स्थान नहीं दिया जाएगा। इसलिए जो नेता भारतीय जनता पार्टी की जिला कार्यकारिणी में महामंत्री, अन्य पद के लिए उम्मीदें जगाए बैठे थे इस सूची के आ जाने के बाद अब उनके अरमान ठंडे पड़ जाएंगे।