शिवपुरी में 5 मौत,ससुर और दामाद की बाइक को उड़ाया,इधर शहर मे 2 मरे मिले

Bhopal Samachar

शिवपुरी। शिवपुरी जिले में पिछले 24 घंटों में 5 लोगों की मौत होने की खबर मिल रही है। ससुर और दामाद की बाइक को अज्ञात वाहन ने उडा दिया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कोलारस थाना सीमा में बाइक एक्सीडेंट मे एक और युवक की मौत होने की खबर है। शिवपुरी शहर में एक युवक फांसी के फंदे पर लटका मिला है। सुभाष पार्क में एक युवक की लाश मिली है। पुलिस ने संदिग्ध मौतों के मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

शिवपुरी जिले के कोलारस अनुविभाग के इंदार थाना सीमा में  ईसागढ़-देहरदा रोड के डंगोरा तिराहे पर अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवारों की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम डॉडियाई निवासी किशोरी उम्र 26 साल पुत्र मौकम सिंह केवट और रिजौदा निवासी मामा ससुर बहादुर उम्र 40 साल पुत्र रामरतन केवट की बुधवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि किशोरी अपने मामा ससुर बहादुर के साथ बाइक से अपनी ससुराल बारोद गांव जा रहा था। बाइक से दोनों शाम 6 बजे ईसागढ़-देहरदा रोड के डंगोरा तिराहे पर पहुंचे।

तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों काफी देर तक सड़क पर पड़े रहे। सूचना पर इंदार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों को अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

फांसी के फंदे पर लटका मिला युवक
मंगलवार रात करीब 11 बजे लुधावली वेयरहाउस के पीछे हुई। यहां एक युवक का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। पुलिस ने मृतक की पहचान 22 वर्षीय दिलीप आदिवासी पुत्र रामस्वरूप निवासी लुधावली के रूप में की। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ने आत्महत्या की है या फिर किसी ने उसकी हत्या कर लाश को फांसी के फंदे पर लटका लिया है।

सुभाष पार्क में दूसरे युवक का शव बरामद
दूसरी घटना बुधवार सुबह सामने आई, जब सुभाष पार्क में एक युवक का शव मिला हैं। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। मृतक की पहचान 45 वर्षीय विक्की यादव पुत्र भंवर सिंह निवासी अहीर मोहल्ला के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि विक्की यादव अकेला रहता था और शराब का आदी था। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा।

कोलारस की सिंघराई और राई गांव सडक पर मौत
शिवपुरी। ग्राम किलावनी निवासी जुझार सिंह उम्र 35 साल पुत्र लिटरू जाटव की बुधवार शाम 7 बजे सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक जुझार सिंह दो महिलाओं के साथ बाइक से घर लौट रहा था। सिंघराई और राई गांव के बीच अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी।