SHIVPURI NEWS - सहस्त्र हाथ लाखो प्रणाम कर जगत जननी को किया शहर ने विदा,शक्ति की भक्ति मे डूबा था शहर

शिवपुरी। शिवपुरी शहर मे पिछले नो दिन नवरात्रि में शहर शक्ति की भक्ति में लीन था। शिवपुरी शहर में 50 से अधिक स्थानों पर माता के पंडाल लगाए गए थे। इस पंडाल में नवरात्रि के दिनो में धूम रही थी। सनातन संस्कृति के रंग भी देखे गए थे,कई पंडालों में भव्य कार्यक्रम में भी हुए थे। नवमी के दिन शहर ने सहस्त्र हाथ लाखो प्रणाम कर जगत जननी का विदा किया।


श्री नवदुर्गा सांस्कृतिक समारोह मंडल के तत्वावधान में आयोजित नवरात्रि विसर्जन समारोह ने इस वर्ष एक यादगार छाप छोड़ी। माधव चौक चौराहे पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में देवी प्रतिमाओं के विसर्जन के क्रम में एक भव्य मंच सजाया गया, जहाँ से विभिन्न स्थानों पर स्थापित माताओं की मनमोहक झांकियां और सुंदर विमान अत्यंत आकर्षक ढंग से निकाले गए,नवमी रात शिवपुरी शहर की लगभग 50 माता की प्रतिमा को विसर्जन के लिए ले जाया गया।

इस अवसर पर स्थानीय बच्चों ने मंच पर डांस, डांडिया एवं गरबा की शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती नेहा यादव (जिला पंचायत अध्यक्ष), अन्य विशिष्ट अतिथियों और समिति सदस्यों द्वारा माता की आरती एवं श्री गणेश वंदना के साथ हुआ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संघ द्वारा भारत माता की आरती भी की गई। इसके पश्चात् माधव चौक चौराहे पर माधव महाराज की मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया।


मंच से गुजरने वाले समस्त विमानों, झाँकी मण्डलों और समाज सेवी संस्थाओं का भी नवदुर्गा मण्डल द्वारा सम्मान किया गया। देवी के स्वागत में समर्पित विभिन्न समितियों द्वारा शहर के कई स्थानों पर निःशुल्क हलवा चना, शरबत, खिचड़ी और सब्जी पूड़ी का वितरण किया गया, जिसका नागरिकों ने भरपूर आनंद लिया।

 इस दौरान बाहर से आए कलाकारों ने विशेष प्रस्तुतियां दीं और चल झाँकियों का भव्य प्रदर्शन किया गया। मण्डल द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया, जिनमें श्रीमती पूजा त्रिपाठी (वॉयस ऑफ ग्वालियर), कनिका सिंघल (विदेश मंत्रालय में चयन), और यश कविश्वर (कस्टम एण्ड जीएसटी में चयन) प्रमुख थे। डांस प्रतियोगिता में श्रीमती प्रियंका व्यास, डॉ. दीपमाला चौरसिया एवं श्रीमती नेत्रा जोशी ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

सफल आयोजन पर आभार व्यक्त
कार्यक्रम के सफल संचालन में राजेश गोयल, वरुण राजौरिया, शिखा मंगल, संगम अग्रवाल, विनीता जैन तथा पत्रकार मणिका शर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन पर संस्था के अध्यक्ष तरुण अग्रवाल तथा कार्यक्रम संयोजक संदीप वशिष्ठ एड. समेत समस्त समिति सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए शहरवासियों, जिला पुलिस प्रशासन, नगरपालिका, और विद्युत विभाग का आभार व्यक्त किया। संयोजक संदीप वशिष्ठ ने शहरवासियों को दशहरा के पावन पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।