Starts of Shivpuri - पोहरी के अनुज व शिवपुरी की वैष्णवी बनीं असिस्टेंट प्रोफेसर

शिवपुरी। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा में पोहरी के अनुज शिवहरे ने प्रदेश में 14 वीं रैंक हासिल की है। उनका चयन असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर हुआ है। अनुज के पिता महेश शिवहरे पोहरी में शिक्षक हैं। वे शुरू से ही होनहार रहे हैं, इसके पहले वह सीटेट, सेट, आदि की परीक्षाएं उत्तीर्ण कर चुके हैं।

वर्तमान में वह सीएम राइज स्कूल बीना में माध्यमिक शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अनुज बताते हैं कि मेरा चयन माता-पिता के संघर्ष व विश्वास का प्रतिफल है। उन्होंने मुझे ग्रामीण परिवेश में भी शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया। इसे में उपलब्धि नहीं, एक दायित्व के तौर पर देखता हूं।

इधर, शिवपुरी शहर के विवेकानंद पुरम कालोनी में निवासरत वैष्णवी यादव का चयन असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर हुआ है। वैष्णवी ने अंग्रेजी विषय से प्रदेश में 33वीं रैंक हासिल की है। वैष्णवी ने यह उपलब्धि अपने पहले ही प्रयास में हासिल की है।

उन्होंने अपनी तैयारी ऑनलाइन कोचिंग से घर पर रहते हुए की। वैष्णवी के पिता आनंद सिंह यादव शिक्षक हैं जबकि उनकी मां मधु यादव महिला एवं बाल विकास विभाग में सुपरवाइजर के पद पर पदस्थ हैं।