SHIVPURI NEWS - नौतपे मे नही तपे, लेकिन अब तपा रहे है सूर्यदेव, पारा 43 के पार, अस्पताल ओवरलोड

Bhopal Samachar

शिवपुरी। इस साल के नौतपे नही तपे लेकिन सूर्यदेव अब तपा रहे है। नौतपे के निकलने के बाद सूर्यदेव धीरे धीरे धरती को गर्म कर रहे है। प्रतिदिन पारा चढ रहा है। अब पारा 43 डिग्री के आसपास चल रहा है। इस बार के नौतपे में एक भी दिन पारा 41 डिग्री के ऊपर नहीं गया था लेकिन पिछले 5 दिनों में पारा लगातार चढ रहा है। उमस भरी गर्मी पढने के कारण मौसमी बीमारी लोगों को घेर रही है इस कारण अस्पताल भी ओवरलोड हो रहा है।
 
बीते रविवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री तो न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि 5 दिन पहले यह पारा अधिकतम 36 डिग्री पर था। भीषण गर्मी से परेशान लोग अब तो ईश्वर से बारिश गुहार लगा रहे हैं कि हे भगवान अब तो बारिश कर दो। इस भीषण गर्मी के कारण पिछले 4 दिन से जिला अस्पताल की ओपीडी में आने वाले मरीजों की संया 9 सैकड़ा से पार हो गई है। जबकि आम दिनों में यह ओपीडी 700 के करीब रहती है। डॉक्टरों की मानें तो अभी सबसे ज्यादा उल्टी, दस्त व वायरल बुखार से पीड़ित होकर मरीज अस्पताल में आ रहे है. और कई मरीजों को भर्ती तक करना पड़ रहा है।

वहीं मेडिकल कॉलेज में भी रोज 900 से 1 हजार मरीज गर्मी जनित बीमारियों से परेशान होकर अपना इलाज करवाने के लिए पहुंच रहे है। कुछ गंभीर मरीजों को तो ग्वालियर तक रेफर करना पड़ रहा है।

नौतपा में भी पारा नहीं पहुंचा 43 पर
अभी कुछ दिन पूर्व खत्म हुए नौतपा में भी पारा 43 डिग्री पर नहीं पहुंच सका था, जो रविवार को रहा। नौपते से पहले शहर सहित अंचल में चार से पांच बार तेज आंधी के साथ बारिश व ओलावृष्टि होने के कारण गर्मी का अधिक अहसास लोगों को नहीं हुआ। लेकिन नौतपा गुजरने के बाद पिछले 5 दिन से गर्मी व उमस ने लोगों को जीना दूभर कर दिया है। लोग दोपहर के समय तो के अंदर ही रहना पसंद कर रहे है। कुछ लोगों ने बताया कि उनके एसी व कूलर भी सही तरह से काम नहीं कर पा रहे। इसलिए अब बारिश होना बहुत जरूरी है।

ऐसे बचें गर्मी से
जिला अस्पताल के डॉक्टर चंद्रशेखर गुप्ता ने बताया कि गर्मी के कारण मरीजों की संया बढ़ी है। गर्मी से बचने के लिए शरीर को हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी है। इसके अलावा लोगों को चाहिए कि तेज धूप से बचें और अगर निकलना जरूरी है तो पहले छाता व सिर पर टोपी का उपयोग करें। भारी भोजन से बचें और खाली पेट बिल्कुल न रहें। जब तक तेज गर्मी है तब तक संतुलित भोजन करें। अधिक से अधिक पानी पिएं, जिससे गर्मी का असर न हो पाए।

15 जून तक आ सकता है मानसून
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अरूण शर्मा का कहना है कि अभी गर्मी का असर 5 से 7 दिन तक शिवपुरी सहित आसपास के जिलों में दिखाई देगा। तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि 15 जून के बाद कभी भी मानसून आ सकता है और तेज बारिश के बाद ही इस गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी।