शिवपुरी। अपने आप को पूर्ण होने के लिए 15 साल से इंतजार कर रहे ट्रांसपोर्ट नगर की लगभग अड़चन खत्म होने को है,पिछले 2 साल से ट्रांसपोर्ट कारोबारियों की मांग थी कि प्लॉट लीज पर नहीं लेंगे सीधे प्रशासन रजिस्ट्री कराए। इस पर प्रशासन कई दौर की बैठक के बाद भी निर्णय नहीं ले पा रहा था। अब जिला प्रशासन ने फिर से बैठक कर दाम कम करने और लीज की जगह रजिस्ट्री करने की मांग मान ली है।
अब 1058 प्लॉट का आवंटन 510 रुपए प्रति वर्ग फीट के भाव पर किया जाएगा। पहले दाम 530 रुपए प्रति वर्गफीट थे। इस पर ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े सभी लोगों ने भी सहमति जता दी है। मतलब, अब ट्रांसपोर्ट नगर के दूसरे फेज का काम शुरू हो सकेगा।
दरअसल, ट्रांसपोर्ट नगर के लिए 5 करोड़ रुपए बजट आवंटन के बाद भी 1058 प्लॉट बेचने का काम शुरू नहीं हो सका है। इस संबंध में बीते 15 साल में कलेक्ट्रेट में 4 बैठकें हुई लेकिन प्रशासन ने दाम कम करने पर राजी हुआ न लीज की जगह रजिस्ट्री की बात मानी। ट्रांसपोर्ट कारोबारी भी अपनी मांग पर अड़े रहे। इस बार केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के निर्देश पर विधायक देवेंद्र जैन, नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, सीएमओ ईशांक धाकड़ और ट्रांसपोर्ट यूनियन, ट्रक ऑपरेटर यूनियन, ऑटो पार्ट्स यूनियन, मिस्त्री यूनियन के साथ संयुक्त बैठक हुई। इस बैठक में सहमति बनी कि प्लॉट की रजिस्ट्री की जाएगी। इसके साथ ही 20 रुपए प्रति वर्ग फीट दाम भी कम किए जाएंगे। इस पर ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े सभी लोगों ने सहमति दे दी।
रैन बसेरा, पब्लिक टॉयलेट और बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया बाकी
पहले फेज के काम में अभी रैन बसेरा, पब्लिक टॉयलेट और बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया बाकी है। नगर पालिका को संभवतः 15 जून के पहले यह काम करना होगा। इसके बाद दूसरे फेज के काम की रूपरेखा तय होगी। इसके लिए राशि स्वयं नगर पालिका को अपने संसाधनों से जुटानी होगी।
पहले फेज में 60 दुकानें बनीं, जिनकी नीलामी होगी
ट्रांसपोर्ट नगर के पहले फेज में 60 दुकान ट्रांसपोर्ट नगर बनाई गई हैं। इनमें 40 दुकानें 300 वर्ग फीट की हैं। इ हैं। इसका दाम 4 लाख 92 हजार रुपए निर्धारित है। 10 दुकानें 375 वर्ग फीट की हैं। इनका दाम 5 लाख 42 हजार रुपए है। 10 दुकानें 525 वर्ग फीट की हैं और इनका दाम 7 लाख 49 हजार रुपए है। इनकी बोली लगाई जाएगी। शेष 1058 प्लॉट हैं। इनके लिए दर 510 रुपए प्रति वर्ग फीट रहेगी। मतलब, बोली 510 रु. प्रति वर्ग फीट से शुरू होगी। बोली जिसकी सर्वाधिक होगी, उसे प्लॉट का आवंटन किया जाएगा।
अब सबकी सहमति है
पहले दाम ज्यादा थे और मालिकाना हक भी हमें नहीं मिल रहा था। अब हमें मालिकाना हक मिल रहा है तो हम सबकी इसमें सहमति है। अप्पल खान, अध्यक्ष, ट्रांसपोर्ट यूनियन, शिवपुरी
सबकी सहमति बनी
ट्रांसपोर्ट नगर को शुरू कराना की शुरू कराना हमारी प्राथमिकता में हैं। दुकान आवंटन का मामला हल हो गया है। बैठक में सबकी सहमति बन गई है।-
देवेंद्र जैन, विधायक, शिवपुरी