करैरा। शिवपुरी जिले की करैरा थाना पुलिस ने आज 4 किलो गांजे के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया हैं बताया जा रहा हैं कि करैरा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर श्मशान घाट रोड स्थित महुअर नदी के रपटे के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं। आरोपियों की पहचान सोनू विश्वकर्मा (28) निवासी मुंगावली, हाल निवासी करैरा और लखन जाटव (58) निवासी ग्राम लालपुर के रूप में हुई है। दोनों सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से गांजा की तस्करी कर रहे थे।
4 किलो से ज्यादा गांजा जब्त
करैरा थाना प्रभारी विनोद छावई के अनुसार कार की तलाशी में अगली सीट के नीचे से एक सफेद प्लास्टिक की बोरी मिली। इसमें तीन पैकेट में कुल 4.120 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी इसका कोई वैध लाइसेंस नहीं दिखा सके। पुलिस ने एसपी अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर चल रहे अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत यह कार्रवाई की। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने गांजा और कार दोनों को जब्त कर लिया है।