SHIVPURI NEWS - फिर होगा गंदगी का साम्राज्य, नगर पालिका के सफाई कर्मचारी हड़ताल पर

Bhopal Samachar

शिवपुरी। शिवपुरी नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगो को लेकर आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। पालिका के सभी सफाई कर्मचारियों का कहना है कि जब तक मांग पूरी नहीं होगी जब तक हाथ में झाड़ू नही आऐगा। आंदोलनकारियों का कहना था कि एक साल पूर्व हमारी मांगें मान ली थी और उनको अमल में लाने के लिए 1 माह का समय मांगा था लेकिन अब एक साल बीत चुके है हमारी एक भी मांग पूरी नहीं हुई है। बीच बीच में हम प्रशासन को लिखित में आगह भी करते रहे लेकिन हमारी सुनवाई नहीं हुई इसलिए मजबूरी में हमें हड़ताल पर जाना पडा।

सभी कर्मचारी पहुंचे नगर पालिका में
आज सुबह 10 बजे के बाद लगभग 1 सैकड़ा कर्मचारी अपना काम बंद करते हुए नगर पालिका में एकत्रित हुए। नगरपालिका के सफाई कर्मचारी,कचरा गाड़ी ड्राइवर,पानी के पंप ओपरेटर शामिल हुए टोटल कर्मियों की संख्या 445 हैं। समस्त कर्मचारियों ने बताया कि हमारी एक मात्र आय का साधन केवल वेतन हैं वहीं टाईम पर नहीं दी जाती,जिससे हमें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं।

इस हड़ताल का नेतृत्व कर रहे सफाई दरोगा संतोष कोडे ने मीडिया को बताया कि  काफी दिनों पहले हमने एक ज्ञापन सौंपा था जिसमें हमारी 25 सूत्रीय मांग थी,जिसमें सबसे पहली हमारी मांग वेतन को लेकर थी हमें 3 से 4 महीने वेतन नहीं दी जाती हैं वह समय पर दी जाये। जबकि शासन के ऐसे आदेश है कि सभी नगरपालिका कर्मचारियों को 5 तारीख को वेतन दिया जाये,लेकिन कोई भी अधिकारी इसकी ओर ध्यान नहीं देता। वर्तमान समय में नवरात्रि का समय चल रहा है और लगातार सनातन के त्योहार आने वाले है ऐसे में सफाई कर्मियों के हड़ताल पर जाने से शहर में एक बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है।

यह हैं 25 सूत्रीय मांगे

1. नगर पालिका शिवपुरी के द्वारा शासन नियम विरूद्ध सफाई कर्मचारियों के स्थानांतरण 100 प्रतिशत 5 से 6 किमी दूर किये जाकर सफाई कर्मचारियों को प्रताड़ित किया जा रहा है जो न्यायोचित नहीं है। नगर पालिका शिवपुरी के द्वारा कार्य स्थल पर जाने आने हेतु कोई भी वाहन अभी तक उपलब्ध नहीं कराया है और सफाई कार्य का समय निर्धारित नहीं किया है श्रम विभाग के नियम अनुसार किसी भी श्रमिक से 6 घंटे से ज्यादा कार्य नहीं लिया जा सकता लेकिन नगर पालिका की हठधर्मी प्रताड़ना के कारण 14-14 घंटे सफाई कर्मचारियों को कार्य करने के लिये विवश होना पड रहा है जो घोर अत्याचार की श्रेणी में आता है। सभी कर्मचारियों को कार्यस्थल पर आने जाने हेतु वाहन उपलब्ध कराएं एवं 6 घंटे से ज्यादा कार्य न लिया जाए और सफाई का कार्य कितने क्षेत्रफल में करेंगे वह भी निर्धारित किया जाए। सभी सफाई कर्मियों से एक समय में एक ही शिफ्ट में कार्य किया जाए।

2. वार्डों में लगे सफाई दरोगा व मेट जो सफाई का कार्य घूम-घूम कर देखते हैं क्षेत्र का भ्रमण करते हैं उन सभी मेट दरोगाओं को प्रतिदिन कम से कम दो लीटर पेट्रोल उपलब्ध कराया जाए साथ ही वरिष्ठ पद का वेतन/भत्ता शासन नियमानुसार दिया जाए।

3. 01 जनवरी 2005 के बाद नियुक्त जो कर्मचारी हैं जिनका विभाग द्वारा एन.पी.एस. काटा जाता है उनकी एन.पी.एस. की राशि एन.पी.एस. विभाग को अभी तक नहीं भेजी है इसलिए नियुक्ति दिनांक से अभी तक काटी हुयी एन.पी.एस. की राशि एवं विभाग के द्वारा गिलायी जाने वाली राशि और 12 प्रतिशत चक्रवृद्धि वार्षिक ब्याज दर से एकमुश्त नकद भुगतान सभी 2005 से नियुक्त कर्मचारियों को किया जाए। क्योंकि भारत सरकार के द्वारा 1 अप्रैल से यू.पी.एस. योजना लागू कर दी गई है।

4. वेतन प्रतिमाह पूर्व समझौते अनुसार हर हालात में 5 तारीख तक भुगतान सभी कर्मचारियों को कराया जाए।

5. सभी नियमित कर्मचारियों को शासन द्वारा बढाए गए डीए की एरियर राशि सहित भुगतान तत्काल कराया जाए।

6. कलेक्टर द्वारा निर्धारित दर से भुगतान पाने वाले सभी श्रमिकों को शासन द्वारा समय समय पर निर्धारित दर से बढ़ायी हुयी राशि का भुगतान मय एरियर करने का कष्ट करें।
7. जो सफाई कर्मचारी वाहन चला रहे हैं उन्हें वाहन चालक का वेतन भुगतान किया जाए।

8. दिवंगत शासकीय कर्मचारियों के आश्रित परिवार को जो आपके यहां अनुकंपा नियुक्ति लंबित हैं उन प्रकरणों को तत्काल निराकरत कर तत्काल आदेश जारी करें।

9. वर्ष 1987 से कार्यरत 35 तदर्थ सफाई कर्मचारियों को प्रथम नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता देते हुए सेवानिवृत्त / मृत कर्मचारियों के परिवार को पेंशन, ग्रेजुएटी, अवकाश का नकदीकरण, बीमा की राशि आदि स्वथ्वों का भुगतान कर एवं वर्तमान में कार्य कर रहे कर्मचारियों को भी प्रथम नियुक्ति दिनांक से ही सभी लाभ उपलब्ध कराए जाऐं।

10. श्रीमती छोटी बाई सफाई संरक्षक जो 25,000 रूपये रिश्वत न देने के कारण आज दिनांक तक नियमितीकरण का आदेश नहीं दिया गया है तत्काल आदेश दिया जाए और दोषी अधिकारी और कर्मचारियों के विरूद्ध कार्यवाही की जाए।

11. वर्ष 2000 विकम पुत्र बुंदरया सफाई संरक्षक नगर पालिका शिवपुरी के स्वथ्वों का आज दिनांक तक भुगतान नहीं किया गया है तथा उसकी पत्नी श्रीमती मंजू सफाई संरक्षक नगर पालिका शिवपरी भी 2022 में खत्म हो गई है न तो पति का पैसा मिला और न ही पत्नी को पैसा दिया गया। दोनों के स्वथ्वों का भुगतान उनके आश्रित परिवारजनों को किया जाए।

12. नगर पालिका शिवपुरी में कार्यरत दैनिक वेतन भोगी/सफाई कर्मचारी/पंप अटेंडर/ऑफिस में कार्यरत कर्मचारी/बगीचों में कार्यरत कर्मचारी / ड्राइवर वाहन चालक सभी को नियमित किया जाए।

13. शहर शिवपुरी में जनसंख्या अनुसार सफाई कर्मचारियों की नवीन संरचना 2014 के अनुसार नियुक्ति की जाए।

14. नगर पालिका के द्वारा द्वितीय शनिवार एवं तृतीय शनिवार का अवकाश नहीं दिया जा रहा है, शासन नियमानुसार दिया जाए।

15. पूर्व में सफाई कर्मचारियों के भविष्य निधि के रूप में पीएफ का कटौत्तरा किया गया था जो लगभग 54 लाख रुपये है जिन कर्मचारियों का कटौतरा किया गया था उसे कर्मचारियों को तत्काल वापिस कराया जाए।

16. वरिष्ठ पदों का प्रभार वरिष्ठता अनुसार दिया जाए।

17. सभी सफाई कर्मचारियों को झाड़ू डलिया, फावड़ा, तसला, कचरा टेला, दस्ताने, मास्क, लोंग बूट आदि शासन निर्देश अनुसार प्रतिमाह उपलब्ध कराए जाऐ।

18. सभी सफाई कर्मचारियों का स्वास्थ्य परिक्षण कराकर अस्वस्थ कर्मचारियों का चिकित्सा उपचार कराऐं तथा अस्वस्थ कर्मचारियों से हल्का फुल्का सफाई का कार्य लें।

19. यह कि नगर पालिका शिवपुरी के द्वारा 4-5 किमी दूर स्थानांतरण जो किए गए हैं कर्मचारियों को आने जाने में असुविधा हो रही है यदि आने जाने का साधन वाहन उपलब्ध नहीं कराये जाते हैं तो उन सभी कर्मचारियों के स्थानांतरण निरस्त कर उनके घर के नजदीक वार्ड में सफाई कार्य में लगाया जाए जिससे वह सभी अपनी ड्यूटी सही समय पर संपादित कर सके।

20. यह कि संगठन को अवगत कराने का कष्ट करें कि नगर पालिका अध्यक्ष एवं पार्षद नगर पालिका के कर्मचारियों से किस नियम के अनुसार कार्य करने के लिए विवश कर रहे हैं तनख्वाह काटने और नौकरी से निकालने की धमकी दे रहे हैं यह अधिकार नगर पालिका एक्ट की कौन सी धारा के अनुसार पार्षद और अध्यक्ष को यह अधिकार प्राप्त है कि वह सफाई कर्मचारियों को गाली गलौज, घोस, अपमानजनक शब्दों का उपयोग, तनख्वाह काटने नौकरी से भगा देने जैसी अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए किस नियम के तहत घोंस दे रहे हैं संगठन को उस आदेश की छायाप्रति उपलब्ध कराएँ।

21. सफाई कर्मचारियों से आवारा मवेशी न पकडवाए जाएं और अतिक्रमण हटाओ मुहिम में सफाई कर्मचारियों का इस्तेमाल न किया जाए सफाई कर्मचारियों से अतिक्रमण हटाने के नाम पर शहर और बाजार में तोडफोड न करायी जाए।

22. नगर पालिका शिवपुरी के द्वारा दैनिक वेतन भोगी सफाई कर्मचारियों की सेवा समाप्त की गई है उनका आदेश निरस्त कर उन्हें तत्काल ड्यूटी पर लिया जाए तथा

जिन नियमित सफाई कर्मचारियों को निलंबित किया गया है को तत्काल निलंबन से बहाल किया जाए।

23. नगर पालिका शिवपुरी के सभी कर्मचारी स्थापना कक्ष में जो बाबू या कर्मचारी कार्य कर रहें है वह कोई भी कर्मचारियों के हित में कार्य नहीं कर रहे हैं ऐसे सभी स्थापना कक्ष के कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से हटाकर अच्छे ईमानदार मेहनती कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगाया जाए जिससे सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण हो सके और कर्मचारियों को समय से वेतन और उनकी समस्याओं का सुचारु रुप से निदान हो सके।

24. प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत शिवपुरी वाल्मीकि समाज को आवास आवंटित किए जाए।

25. सभी वाल्मीकि समाज के अल्प वेतन भोगी एवं दैनिक वेतन भोगी और वाल्मीकि समाज के युवा वृद्ध महिला पुरुषों को आयुष्मान कार्ड बनाकर दिया जाए।