​SHIVPURI जिला गर्मी के रेड जोन से हुआ बाहर मानसून के निर्धारित समय पर पहुंचने के आसार

Bhopal Samachar

शिवपुरी। शिवपुरी में  गुरुवार को अधिकतम पारा 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आज बीते रोज की अपेक्षा पारे में 0.2 डिग्री की गिरावट देखने को मिली है। बता दें कि आज मध्यप्रदेश का कोई भी शहर गर्मी के जारी रेड जोन में नहीं रहा है। लेकिन शिवपुरी का तापमान आज प्रदेश के अन्य शहरों की अपेक्षा सबसे ज्यादा रहा है। आज शिवपुरी और दमोह में सबसे अधिक तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

बुधवार को प्रदेश में दमोह के बाद सबसे ज्यादा तापमान शिवपुरी शहर में दर्ज किया गया। शिवपुरी शहर का गुरुवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री व न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा। एक दिन पहले बुधवार को अधिकतम तापमान 44.2 व न्यूनतम 29.9 डिग्री सेल्सियस था।

यानी दिन की अपेक्षा रात के पारे में खासी गिरावट आई है। बता दें कि 2 जून को न्यूनतम पारा 26.1 डिग्री चला गया था, लेकिन 4 जून को तापमान 31.9 डिग्री पहुंच गया। दो दिनों से न्यूनतम पारे में गिरावट दर्ज की जा रही है। प्री-मानसून की बारिश के बाद दिन के पारे में गिरावट आ सकेगी।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन गुजरने की वजह से प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर चल रहा है। वहीं, कुछ जिलों में गर्मी का असर भी है। ऐसा ही मौसम आगामी दिनों में भी बना रहेगा। उधर, मानसून लगातार अपनी गति से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में इसके समय पर मध्यप्रदेश पहुंचने की संभावना बनी हुई है।